फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मौसम: हिमाचल में भारी बारिश से एक एनएच समेत 360 सड़कें बंद, पांच जिलों में बाढ़ की चेतावनी

Tue, 20 Jul 2021 07:54 PM IST
Krishan Singh अमर उजाला नेटवर्क, शिमला

सार

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक सुरेंद्र पाल ने बताया कि मानसून के बादल बिलासपुर, सोलन, शिमला, सिरमौर और इनके साथ लगते क्षेत्रों में सक्रिय हो गए हैं। 
विज्ञापन
हिमाचल के चंबा में भूस्खलन। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हिमाचल में ऑरेंज अलर्ट के बीच मंगलवार को भी कई भागों में बारिश का दौर जारी रहा। मंगलवार शाम तक प्रदेश में  भरमौर-पठानकोट नेशनल हाईवे समेत 360 सड़के बंद रहीं। रविवार रात से जारी बारिश के कारण जिला कांगड़ा के नूरपुर की ग्राम पंचायत कोपड़ा में एक व्यक्ति की नाले में बहने से मौत हो गई। मूसलाधार बारिश से तीसा में एक मकान क्षतिग्रस्त हुआ है।

विज्ञापन


भटियात में एक मकान और दो गोशालाएं क्षतिग्रस्त हुई हैं। बुधवार सुबह साढ़े 11 बजे तक प्रदेश के पांच जिलों चंबा, कांगड़ा, मंडी, कुल्लू और शिमला जिले के कई क्षेत्रों में बाढ़ की चेतावनी जारी की गई है। लोगों से नदी-नालों के समीप न जाने की अपील की गई है। 

चंबा जिले के जनजातीय क्षेत्र भरमौर के संपर्क मार्ग भरमौर-हड़सर-कुगति मार्ग पर स्थित प्रंघाला नाले का मंगलवार को जलस्तर बढ़ गया। इससे ग्रामीणों सहित मणिमहेश की ओर कूच कर रहे करीब आधा दर्जन लोग फंस गए हैं। जिले में भरमौर-पठानकोट एनएच सहित 56 मार्गों पर यातायात ठप रहा।
विज्ञापन




 



उधर, मंडी जिले में पधर-बल्ह वाया डायना पार्क मार्ग बाधित रहने से दूल्हा-दुल्हन और बराती फंसे गए। बरात झटिंगरी के मरखान से चौहारघाटी के रोपा गई थी। कुछ बरातियों ने वापस जाकर दूल्हे के ससुराल में रात गुजारी।

शिमला में दिन भर बारिश का दौर जारी रहा। लोक निर्माण विभाग के धर्मशाला जोन (कांगड़ा-चंबा जिला) के तहत 68 सड़क मार्गों पर आवाजाही प्रभावित हुई है। कुल्लू जिला में 10 संपर्क मार्गों के साथ 14 पेयजल व सिंचाई योजनाएं प्रभावित हैं।

कांगड़ा जिले में बारिश से एक सप्ताह में 60 करोड़ का नुकसान हुआ है। सिरमौर में 10 सड़कें बंद हैं और नाहन में पक्के मकान पर डंगा गिर गया। मंगलवार को सुंदरनगर में अधिकतम तापमान 28.3, सोलन में 28.2, ऊना में 27.4, बिलासपुर में 27.0, धर्मशाला में 26.8, नाहन में 26.5, हमीरपुर में 26.2, चंबा में 23.4, शिमला में 22.6 और केलांग में 17.3 डिग्री सेल्सियस रहा। 

चार जिलों में भारी बारिश का पूर्वानुमान
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक सुरेंद्र पाल ने बताया कि मानसून के बादल बिलासपुर, सोलन, शिमला, सिरमौर और इनके साथ लगते क्षेत्रों में सक्रिय हो गए हैं। इन क्षेत्रों में आगामी 24 घंटों के दौरान भारी बारिश का पूर्वानुमान है। बुधवार को प्रदेश में बारिश का येलो अलर्ट है। पूरे प्रदेश में 26 जुलाई तक मौसम खराब रहने की संभावना है। 

प्रदेश के प्रमुख शहरों का न्यूनतम तापमान 
कल्पा में न्यूनतम तापमान 13.4, शिमला 16.6, सुंदरनगर 22.4, भूंतर 21.2, धर्मशाला 18.8, ऊना 20.8, नाहन 22.2, केलांग 12.8, पालमपुर- सोलन 20.0, मनाली 17.0, कांगड़ा 22.6, मंडी 21.0, बिलासपुर 23.0, हमीरपुर 21.2, चंबा 21.9, डलहौजी 15.6 और कुफरी 15.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

 

कहां कितनी बारिश

क्षेत्र    बारिश (मिलीमीटर में)
शाहपुर    44
नाहन    25
धर्मशाला    19
ऊना    17
कांगड़ा    15
सोलन    11
कुफरी    10
मंडी    5
शिमला    4

मलबे ने राह रोकी तो पीठ पर बाइक उठाकर पार किया रास्ता 

चुराह के जसौरगढ़ में नाले का मलबा सड़क पर आने से यातायात अवरुद्ध हो गया। पत्थरों और मलबे ने जब एक बाइक सवार की राह रोकी तो उसने बाइक को पीठ पर उठा लिया। पीठ पर बाइक उठाकर उक्त व्यक्ति पैदल मलबे और पत्थरों से भरे रास्ते को पार कर दूसरी तरफ जा पहुंचा।

पीठ पर बाइक उठाकर सड़क से दूसरी तरफ लेकर जाते  व्यक्ति का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। सोशल मीडिया पर कई लोगों ने इसे बाहुबली बताया तो कुछ इसकी हिम्मत को सलाम कर रहे हैं। 
विज्ञापन

बारिश में वाहन चालकों के लिए डीजीपी ने जारी की एडवाइजरी

 हिमाचल प्रदेश पुलिस ने बारिश और धुंध के बीच हो रहे भूस्खलन को देखते हुए वाहन चालकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। एडवाइजरी में कहा गया है कि भारी बारिश, आंधी, तूफान की वजह से विभिन्न हिससों में ल्हासे गिरने, सड़क टूटने या बहने और नदी-नालों में भारी बाढ़ जैसी स्थिति के अचानक पैदा होने की संभावना है।

ऐसे में डीजीपी संजय कुंडू ने लोगों खासकर पर्यटकों से अपील की है कि वह ऐसे मौसम में बेहद जरूरत होने पर ही सफर करें। अगर सफर करना हो तो वाहन के सामने देखने वाले शीशे को अच्छी तरह से साफ कर के ही बेहद सावधानी के साथ वाहन चलाएं। अगर क्षेत्र में धुंध की वजह से कम दिख रहा हो तो वाहन नियंत्रित गति सीमा में ही चलाएं। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें