हिमाचल प्रदेश के पांच जिलों के कुछ स्थानों पर दो दिन हल्की बारिश-बर्फबारी की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से माैसम में यह बदलाव आने के आसार हैं। माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 3 और 8 अप्रैल को चंबा, कुल्लू, कांगड़ा, लाहाैल-स्पीति और किन्नौर जिले में अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश-बर्फबारी के आसार हैं। 2 से 8 अप्रैल तक सप्ताह के शेष दिनों में मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है। उधर, अगले 48 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है। जबकि ऊंचे पहाड़ी इलाकों में अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है। उसके बाद अगले 4-5 दिनों के दौरान निचले पहाड़ी व मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 2-3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने के आसार हैं।