फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Himachal Weather: हिमाचल में लगातार दूसरे साल नवंबर में 90 फीसदी कम बरसे बादल, जानें 26 तक कैसा रहेगा माैसम

Thu, 20 Nov 2025 11:02 AM IST
Krishan Singh न्यूज डेस्क, अमर उजाला, शिमला।

सार

प्रदेश में लगातार दूसरे साल नवंबर में गंभीर सूखे जैसे हालात बन रहे हैं। प्रदेश में इस माह के दौरान बारिश लगभग न के बराबर हुई है। 
विज्ञापन
हिमाचल माैसम - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हिमाचल प्रदेश में लगातार दूसरे साल नवंबर में गंभीर सूखे जैसे हालात बन रहे हैं। प्रदेश में इस माह के दौरान बारिश लगभग न के बराबर हुई है। इस वर्ष अब तक सामान्य से 90 फीसदी कम बारिश रिकॉर्ड की गई है। बीते वर्ष इस दौरान सामान्य से 99 फीसदी कम बारिश दर्ज हुई थी। इससे पहले साल 2021 में सामान्य से 95 फीसदी कम बादल बरसे थे। लगातार दूसरे वर्ष बादल नहीं बरसने से प्रदेश में सूखे का दायरा बढ़ सकता है। इसका असर जल स्रोतों, कृषि, बागवानी और पेयजल पर सीधे तौर पर पड़ने वाला है।

विज्ञापन

सभी जिलों में इस माह बारिश का अभाव
प्रदेश के सभी जिलों में इस माह बारिश का अभाव रहा। बारिश न होने के बावजूद ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। पश्चिमी विक्षोभों की कमी और शुष्क हवाओं के चलते तापमान में यह गिरावट दर्ज हो रही है। सुबह-शाम ठिठुरन लगातार बढ़ रही है। बुधवार रात से गुरुवार सुबह तक राज्य में 25 स्थानों पर न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम दर्ज किया गया है। कुकुमसेरी, ताबो व केलांग का न्यूनतम पारा माइनस में दर्ज किया गया है। सुंदरनगर में घना व बिलासपुर में मध्यम कोहरा दर्ज किया गया है।

नवंबर में सामान्य के मुकाबले बारिश (% में)
साल        बारिश
2014     -82
2015     -35
2016    -100
2017    -66
2018     84
2019      75
2020    110
2021    -95
2022    -1
2023    -38
2024   -99
2025   -90

कहां कितना तापमान
शिमला में न्यूनतम तापमान 8.6, सुंदरनगर 4.7, भुंतर 4.6, कल्पा 1.8, धर्मशाला 7.5, ऊना 8.4, नाहन 9.1, केलांग -1.1, पालमपुर 5.5, सोलन 6.2, मनाली 4.1, कांगड़ा 7.4, मंडी 8.3, बिलासपुर 10.5, हमीरपुर 9.1, जुब्बड़हट्टी 9.0, कुफरी 8.8, कुकुमसेरी -3.0, नारकंडा 6.1, भरमाैर 9.0, रिकांगपिओ 4.0 , सेऊबाग 3.0, बरठीं 9.1, कसाैली 10.7, सराहन 5.6, ताबो -2.6 व बजाैरा में 5.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उधर, बुधवार को ऊना में अधिकतम तापमान 27.0, हमीरपुर में 26.3, नाहन में 26.6, सोलन में 24.0, कांगड़ा में 25.4, मंडी में 23.6, धर्मशाला में 22.0, शिमला में 18.8, मनाली में 17.6 और केलांग में 14.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।

जानें कब साफ रहेगा माैसम, तापमान में गिरावट के आसार
कुल्लू और लाहौल-स्पीति के ऊंचाई वाले इलाकों में पानी जमना शुरू हो गया है। मनाली-लेह, शिंकुला दर्रा, कुंजम दर्रा में ब्लैक आइस जमने से वाहन चलाना खतरनाक हो गया है। माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार राज्य में 26 नवंबर तक माैसम साफ रहने के आसार हैं।  वहीं 3-4 दिनों तक राज्य में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है। ऊंचे पहाड़ी और बीच के पहाड़ी इलाकों में अधिकतम में धीरे-धीरे 2-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है। जबकि राज्य के निचले पहाड़ी और मैदानी इलाकों के अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होने के आसार हैं।

रोहतांग दर्रा पर्यटकों के लिए बंद, आज से नहीं दौड़ेंगे वाहन
वहीं रोहतांग दर्रा पर्यटकों के लिए आधिकारिक तौर पर बंद कर दिया गया है। जिला प्रशासन के निर्देशानुसार वीरवार से एनएच 03 पर ग्रांफू से रोहतांग और जिंगजिंगबार से सरचू तक वाहनों की आवाजाही की अनुमति नहीं दी जाएगी। अब देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को रोहतांग का दीदार करने के लिए अगले छह महीनों तक इंतजार करना होगा। हर वर्ष की तरह इस बार भी बढ़ती बर्फबारी, अत्यधिक ठंड और सड़क पर पानी जमने के कारण यात्रा जोखिम भरी हो गई है।
विज्ञापन

सुबह और रात के समय तापमान शून्य से कई डिग्री नीचे पहुंचने से सड़क फिसलन भरी हो गई, जिससे हादसों की आशंका बढ़ गई है। इसी वजह से प्रशासन ने वाहनों की आवाजाही पूर्ण रूप से प्रतिबंधित कर दी है। हालांकि, अटल टनल रोहतांग होकर कोकसर से लगभग छह किलोमीटर दूर ग्रांफू के आसपास लोग बर्फ का आनंद ले सकते हैं। इसके अलावा लाहौल आने वाले पर्यटकों के लिए सिस्सू, स्नो स्वाइंट यांगला, केलांग, उदयपुर, त्रिलोकनाथ स्थित अवलोकितेश्वर मंदिर, जिस्पा और दारचा जैसे स्थानों तक आवाजाही जारी रहेगी। उपायुक्त लाहौल-स्पीति किरण भड़ाना ने बताया कि वीरवार से एनएच-03 पर ग्रांफू से रोहतांग और जिंगजिंगबार से सरचू तक किसी भी वाहन को जाने की अनुमति नहीं होगी। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें