एक सप्ताह तक ऐसा रहेगा माैसम
माैसम विज्ञान केंद्र शिमला की ओर से राज्य के सभी भागों में 19 दिसंबर तक माैसम साफ बना रहने का पूर्वानुमान जताया गया है। विभाग के अनुसार अगले 48 घंटों तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। इसके बाद अगले 2-3 दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 2-3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होगी। उधर, शिमला में ठंड से मौत का तीसरा मामला सामने आया है। राजधानी शिमला में एक व्यक्ति की ठंड और एक महिला की घर के आंगन में बर्फ पर फिसलने से मौत हो गई। मृतक की पहचान सुरिंद्र कुमार निवासी भागवत उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
कहां कितना न्यूनतम तापमान
शिमला में न्यूनतम तापमान 4.4, सुंदरनगर -0.1, भुंतर -0.5, कल्पा -5.2, धर्मशाला 3.5, ऊना -0.8, नाहन 6.7, पालमपुर 1.0, सोलन -0.5, मनाली -0.2, कांगड़ा 1.9, मंडी 1.2, बिलासपुर 1.1, हमीरपुर -0.4, चंबा 1.5, जुब्बड़हट्टी 3.8, कुफरी 0.3, कुकुमसेरी -7.2, नारकंडा -1.2, भरमाैर -0.5, रिकांगपिओ -1.2, सेऊबाग -1.0, धाैलाकुआं 2.2, बरठीं -1.5, समदो -3.9, पांवटा साहिब 8.0, सराहन 4.2, देहरा गोपीपुर 4.0, ताबो -7.5 व बजाैरा में -0.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
दिसंबर में सामान्य से 87 फीसदी कम बारिश
प्रदेश में इस महीने 1 से 13 दिसंबर तक सामान्य से 87 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है। इस अवधि के लिए 10.5 मिलीमीटर बारिश को सामान्य माना गया लेकिन वास्तव में 1.3 मिलीमीटर बारिश ही दर्ज हुई। बिलासपुर में सामान्य से 95, चंबा 100, हमीरपुर 63, कांगड़ा 100 , किन्नाैर 62, कुल्लू 98, लाहाैल-स्पीति 84, मंडी 86, शिमला 71, सिरमाैर 99, सोलन 82 व ऊना में 99 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई।
बर्फ वाले इलाकों में बीस से पहले पहुंचा दिया जाएगा राशन का कोटा
जिले के स्नो बाउंड (हिमाच्छादित क्षेत्रों) एरिया के लिए राशन का कोटा 20 दिसंबर से पहले पहुंचा दिया जाएगा। खाद्य आपूर्ति विभाग के पास राशन की खेप पहुंचने के बाद अब इसे डिपो तक भेजा जा रहा है। कुल्लू जिले में दुर्गम क्षेत्रों में कुल 74 डिपो हैं। इनसे हजारों की आबादी जुड़ी है। इन डिपुओं में सर्दियों का एकमुश्त राशन मिलने से ग्रामीणों को सर्दियों के दौरान राशन को लेकर किसी तरह की समस्या नहीं आएगी।