रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे युद्ध के बीच मौसम में आ रहे बदलाव का असर अब पौंग बांध झील में आने वाले हजारों विदेशी परिंदों पर भी दिखने लगा है। इनकी संख्या में कमी आ रही है। धीरे-धीरे बदलते मौसम के कारण सर्दियां भी देरी से शुरू हो रही हैं। इस कारण पौंग बांध में विदेशी पक्षी भी देरी से पहुंच रहे हैं और गर्मियां जल्दी आने के कारण वे यहां ज्यादा समय नहीं रुक पा रहे। वर्ष 2023 में पौंग बांध में विदेश पक्षियों की संख्या में भारी कमी दर्ज की गई थी। हर साल पौंग बांध में 120 के करीब प्रजातियों के एक लाख से अधिक विदेश पक्षी पहुंचते थे। लेकिन वर्ष 2023 में मात्र 80 प्रजातियों के 83 हजार के करीब परिंदे ही पौंग बांध में अपनी सर्दियां काटने आए। 2022 में पौंग बांध में बार हैडेडगीज पक्षियों की संख्या 50,263 थी, जो वर्ष 2023 में घटकर 37,501 पहुंच गई थी। इसके अलावा अन्य पक्षियों की संख्या भी कम रही है। करीब 22 साल बाद पौंग बांध में पक्षियों की संख्या 85 हजार से कम पहुंची है।