मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से मौसम में बदलाव आया है। इसके प्रभाव से 14 नवंबर तक प्रदेश के कई क्षेत्रों में मौसम खराब बना रह सकता है। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में पांच जिलों चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला में बारिश और अंधड़ को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। इससे तापमान में और गिरावट आने की संभावना है। प्रदेश के जलाशयों के आसपास सुबह और शाम के समय धुंध छाने का पूर्वानुमान है। सोमवार रात को कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान माइनस 1.3, कल्पा में 3.0, मनाली में 6.8, सोलन में 8.4, चंबा में 8.7, कुफरी में 8.8, बिलासपुर में 10.0, मंडी में 10.2, शिमला में 11.0, ऊना में 11.2, कांगड़ा में 11.4, धर्मशाला में 11.6 और नाहन में 12.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।