हिमाचल प्रदेश में गुरुवार सुबह सभी क्षेत्रों में मौसम साफ रहा। दोपहर बाद मौसम के करवट बदलने से रोहतांग और भरमौर-पांगी की चोटियों में बर्फबारी हुई। कांगड़ा, धर्मशाला, मंडी और शिमला में बादल बरसे। अन्य जिलों में धूप खिली रही। भूस्खलन से भरमौर-पठानकोट हाईवे बंद हो गया है। अटल टनल रोहतांग के लिए साधारण वाहनों की आवाजाही भी बंद है। सिर्फ फोर वाई फोर वाहन ही भेजे जा रहे हैं। कांगड़ा जिले में ओलावृष्टि से गेहूं की फसल और सब्जियों को भारी नुकसान हुआ है। राजधानी शिमला में गुरुवार दोपहर करीब 1:00 बजे बादल झमाझम बरसे। अन्य क्षेत्रों में हालांकि धूप खिली रही। तीन बजे के बाद शहर के अधिकांश क्षेत्रों में बारिश दर्ज हुई। शाम को मौसम साफ हो गया। वहीं भरमौर-पांगी की ऊपरी चोटियों में 5.08 सेंटीमीटर तक हल्की बर्फबारी हुई है। भरमौर-पठानकोट हाईवे बत्ती दी हट्टी में बुधवार देर रात भूस्खलन से बंद हो गया। सलूणी और पांगी में दो मार्ग बंद हैं और 65 गांवों में बिजली गुल है। अटल टनल रोहतांग सहित 13050 फीट ऊंचे रोहतांग दर्रा में वीरवार को फिर बर्फबारी हुई। परिणामस्वरूप अटल टनल के लिए साधारण वाहनों की आवाजाही रोकी गई। वहीं राजधानी शिमला में ठंड का 23 वर्षों का रिकाॅर्ड टूट गया है। माैसम विभाग के रिकाॅर्ड के अनुसार शिमला में साल 2003 के बाद अप्रैल में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 3.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।