जानें मौसम पूर्वानुमान
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने आज भी कुछ क्षेत्रों में बारिश की संभावना जताई है। उच्च पर्वतीय भागों में बर्फबारी के आसार हैं। हालांकि शिमला में मौसम साफ बना हुआ है। 2 मई को पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने के आसार हैं। वहीं 3 मई की रात से एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी सक्रिय होने की संभावना है। इसके प्रभाव से 4 व 5 मई को कई भागों में बारिश का पूर्वानुमान है। 6 व 7 मई को भी उच्च पर्वतीय कुछ भागों में मौसम खराब बना रह सकता है।
किन्नौर के ऊंचे इलाकों में बर्फबारी, करोड़ों के सेब पर मंडरा खतरा
मौसम के बिगड़े मिजाज के बाद किन्नौर जिले में सेब की करोड़ों की फसल पर खतरा मंडराना शुरू हो गया है। जिले में बुधवार दोपहर बाद अचानक मौसम ने करवट बदली और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का दौर शुरू हुआ। हिमपात होने से जिले के बागवानों की धुकधुकी बढ़ गई है और नकदी फसलें प्रभावित होने का डर सताने लगा है। गौर हो कि इन दिनों जिले के निचले और मध्यम ऊंचाई वाले इलाकों में सेब की फ्लावारिंग का दौर शुरू हो चुका है। ऐसे में सेब की अच्छी फसल के लिए तापमान का अनुकूल होना अति आवश्यक है। तापमान सामान्य रहने की स्थिति में ही फूलों की बेहतर सेटिंग होती है और अच्छी फसल का उत्पादन होता है, लेकिन शुरुआती स्टेज में ही ऊंचे क्षेत्रों में हिमपात होने से बागवानों के माथे पर चिंता की लकीरें हैं।
बुधवार दोपहर बाद छितकुल, रक्षम, बटसेरी, सांगला, कुप्पा, लिप्पा, आसरंग, हांगो, चुलिंग, नेसंग, सुमरा, कुन्नौचारंग और शलखर में बर्फबारी शुरू हुई। इसके कारण जिले में नकदी फसलें सेब, चुल्ली, बेमी, खुमानी और बादाम फसलें प्रभावित होने का खतरा बढ़ गया है। बागवानों को नकदी फसलें बर्बाद होने की चिंता सताने लगी है। दीपक, राजेश, राकेश, मनोज, यतेंद्र सिंह, महेंद्र, कुलदीप, सनम तेंजिन, सांबा दोर्जें, राजकमल, प्रमोद नेगी और अनिल नेगी ने कहा कि यदि अधिक बर्फबारी होती है तो फसलें प्रभावित होने का डर है।
न्यूनतम तापमान
शिमला में न्यूनतम तापमान 10.0, सुंदरनगर 10.1, भुंतर 10.4, कल्पा 4.8, धर्मशाला 11.2, ऊना 12.6 नाहन 15.9, केलांग -1.8, पालमपुर 11.0, सोलन 10.2, मनाली 7.2, कांगड़ा 14.5, मंडी 11.3, बिलासपुर 12.8, हमीरपुर 13.7, डलहौजी 4.5, जुब्बड़हट्टी 12.4, कुफरी 7.8, कुकुमसेरी 2.9, नारकंडा 5.9, रिकांगपिओ 9.2, धौलाकुआं 15.0, बरठीं 11.1, कसौली 11.6, पांवटा साहिब 22.0, सराहन 8.5 और देहरागोपीपुर में 14.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।