शनिवार को राजधानी शिमला में सुबह से बादल छाए रहे। दोपहर बाद शहर में बादल झमाझम बरसे। कुछ देर भारी ओलावृष्टि भी हुई। शाम को मौसम साफ होने के साथ धूप भी निकली। मंडी जिला में शनिवार को अंधड़ के साथ बारिश और ओलावृष्टि हुई। सिराज क्षेत्र में बागवानों को इससे भारी नुकसान हुआ। कमरुघाटी में सेब बगीचों में फ्लावरिंग के बाद लगे सेब पत्तों सहित झड़ गए। रामपुर की कंछीड़ घाटी के तहत कुरनू, नेहरा, नरैण, कड़ेली, ब्रांदली और बशड़ी सहित अन्य क्षेत्रों में भारी ओलावृष्टि हुई। इससे सेब की फसल प्रभावित हुई है।
चार दिनों तक मौसम खराब रहने के आसार
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की ओर से पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से हिमाचल प्रदेश के कई भागों में आगामी चार दिनों तक मौमस खराब बना रहने की संभावना जताई गई है। 27 व 29 अप्रैल के लिए भारी बारिश, अंधड़ चलने व ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 1 मई के बाद मौसम साफ रहने की संभावना है। लाहौल घाटी में शुक्रवार रात को हुई बर्फबारी के बाद शिंकुला दर्रा एक बार फिर से वाहनों की आवाजाही के लिए बंद हो गया है। खराब मौसम और बर्फबारी के चलते कुंजम दर्रे के रास्ते लाहौल और स्पीति को जोड़ने वाली ग्रांफू-लोसर के साथ मनाली-लेह सड़क का चौड़ाई कार्य भी प्रभावित हुआ है। घाटी के रिहायशी इलाके बर्फ से सफेद हो गए, लेकिन बसों सहित अन्य वाहनों की आवाजाही लाहौल से कुल्लू के बीच जारी रही।
अप्रैल के अंत में हुई बर्फबारी से रोहतांग दर्रा, लेडी ऑफ केलांग, मुलकिला, नीलकंठ, घेपन पीक सहित ऊंचीं पहाड़ियां निखर गई हैं। चंबा जिला के जनजातीय क्षेत्र भरमौर और पांगी की ऊपरी चोटियों पर भी शनिवार को बर्फबारी हुई। भारी बारिश के चलते भरमौर-पठानकोट नेशनल हाईवे पर एक घंटा वाहनों की आवाजाही ठप रही। रजेरा के समीप दोपहर बारह बजे मार्ग बंद हुआ। करीब एक घंटे बाद मशीनरी पहुंची और मार्ग बहाल हुआ। जिला सिरमौर में भी बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान हुआ है। प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में हल्के बादल छाए रहने के साथ धूप खिली।
फिर माइनस में पहुंचा केलांग, कुकुमसेरी का न्यूनतम पारा
प्रदेश में मौसम बदलने से केलांग और कुकुमसेरी का न्यूनतम तापमान फिर माइनस में पहुंच गया है। शुक्रवार रात को केलांग में न्यूनतम तापमान माइनस 0.3, कुकुमसेरी में माइनस 0.1, समदो में 2.0, मनाली में 2.4, डलहौजी में 4.5, कल्पा में 4.6, भरमौर में 6.0 और नारकंडा में 6.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। इसके अलावा शिमला में न्यूनतम पारा 12.6, धर्मशाला में 13.4, ऊना में 18.2, नाहन में 18.1, सोलन में 13.6, कांगड़ा में 15.8, मंडी में 15.4, हमीरपुर में 17.4 और बिलासपुर में 19.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
लाहौल-स्पीति में 55 सड़कें, कुल्लू में 73 बिजली ट्रासंफार्मर ठप
शनिवार शाम तक प्रदेश में 60 सड़कें और 103 बिजली ट्रांसफार्मर ठप रहे। लाहौल-स्पीति जिला में सबसे अधिक 55 सड़कें बंद हैं। चंबा-कुल्लू में दो-दो और कांगड़ा में एक सड़क आवाजाही के लिए ठप है। कुल्लू जिला में अंधड़ चलने से 73 और चंबा-लाहौल-स्पीति में 15-15 बिजली ट्रांसफार्मर बंद होने से कई गांवों में ब्लैक आउट की स्थिति बनी हुई है।
अधिकतम तापमान
ऊना में अधिकतम तापमान 33.8, नाहन 31.5, सोलन 29.0, कांगड़ा 28.4, मंडी 29.2, बिलासपुर 34.4, हमीरपुर 28.0, जुब्बड़हट्टी 29.6, धौलाकुआं 34.9, बरठीं 32.3, धर्मशाला 24.9, शिमला 23.0, कल्पा 10.5 और मनाली में 14.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।