जानें कहां-कहा बारिश व बर्फबारी का पूर्वानुमान
माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से 4 फरवरी को कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश-बर्फबारी होने का पूर्वानुमान है। 5 फरवरी को कुछ स्थानों पर हल्की बारिश-बर्फबारी होने की संभावना है। 8, 9 और 10 फरवरी को ऊंचाई वाले कुछ स्थानों पर हल्की बारिश-बर्फबारी होने के आसार हैं। सप्ताह के शेष दिनों में राज्य में शुष्क मौसम रहने की संभावना है। वहीं, अगले दो दिनों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में 4-5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है। इसके बाद अगले 2-3 दिनों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में 4-5 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है। अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है। फिर अगले 3-4 दिनों के दौरान राज्य में न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने की संभावना है। वहीं 6 और 7 फरवरी को अलग-अलग स्थानों पर घना कोहरा छाने की संभावना है।
इन जिलों में बारिश-बर्फबारी
विभाग के अनुसार 4 फरवरी से 5 फरवरी की शाम/मध्य रात्रि तक कई स्थानों पर हल्की बर्फबारी, जबकि किन्नौर और लाहौल-स्पीति जिले सहित कांगड़ा, चंबा, शिमला, मंडी, सिरमौर और कुल्लू जिलों के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मध्यम बर्फबारी की संभावना है। इन जिलों के शेष भागों में कई स्थानों पर हल्की तथा कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं सोलन, हमीरपुर, बिलासपुर और ऊना जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दाैरान पर्यटन स्थलों कुफरी, नारकंडा, मनाली, सोलंग घाटी, डलहौजी और सिस्सू और निकटवर्ती क्षेत्रों में भी बर्फबारी हो सकती है।
कहां कितना न्यूनतम तापमान
शिमला में न्यूनतम तापमान 7.5, सुंदरनगर 5.0, भुंतर 4.6, कल्पा 2.4, धर्मशाला 5.0, ऊना 3.0, नाहन 8.1, केलांग 0.3, पालमपुर 4.5, सोलन 4.0, मनाली 4.1, कांगड़ा 7.8, मंडी 6.0, बिलासपुर 4.7, चंबा 5.5, डलहाैजी 3.9, कुकुमसेरी -3.4, भरमाैर 2.3, सेऊबाग 1.0, धाैलाकुआं 8.3, बरठीं 3.1, कसाैली 7.2, सराहन 7.7 व ताबो में -7.1डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
माैजूदा विंटर सीजन में सामान्य से 86 फीसदी कम बारिश
माैजूदा विंटर सीजन 1 जनवरी से 4 फरवरी तक सामान्य से 86 फीसदी कम बारिश हुई है। इससे राज्य में सूखे जैसी स्थिति बनी हुई है। इस अवधि के लिए 94.1 मिलीमीटर बारिश को सामान्य माना गया लेकिन वास्तव में 13.4 मिलीमीटर बारिश की हुई। बिलासपुर जिले में सामान्य से 95, चंबा 89, हमीरपुर 95, कांगड़ा 94, किन्नाैर 93, कुल्लू 78, लाहाैल-स्पीति 80, मंडी 87, शिमला 83, सिरमाैर 81, सोलन 93 व ऊना में 96 फीसदी कम बारिश हुई है। राज्य में आगामी एक सप्ताह के दाैरान भी अच्छी बारिश-बर्फबारी की संभावना कम है। सोमवार को भी शिमला सहित पूरे प्रदेश में माैसम साफ बना रहा।
चंबा में बारिश-बर्फबारी से राहत
जिला मुख्यालय चंबा में दोपहर के समय बारिश का क्रम आरंभ हुआ। वहीं, जनजातीय क्षेत्र भरमौर-पांगी की ऊपरी चोटियों में हल्का हिमपात होने से ठंड में इजाफा हो गया। शहर में खरीददारी व अन्य कार्यों के सिलसिले में पहुंचे लोगों को अचानक शुरू हुई बारिश से बचने के लिए दुकानों की ओट लेनी पड़ी। जिले की ऊपरी चोटियों में हल्की बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में बारिश होने से बागवानों-किसानों ने राहत ली है।