राजधानी शिमला में सोमवार रात से मंगलवार तड़के तक न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जबकि केलांग में माइनस 0.1 डिग्री दर्ज हुआ। मौसम में आए बदलाव से मैदानी इलाकों ऊना, कांगड़ा, बिलासपुर और हमीरपुर में भी सुबह-शाम हल्की ठंड महसूस की जा रही है। हालांकि, इन क्षेत्रों में रात का पारा अभी दस डिग्री से अधिक चल रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार आने वाले कुछ दिनों तक प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना नहीं है।
तीन नवंबर तक हिमाचल के अधिकांश इलाकों में मौसम साफ और शुष्क बना रहेगा। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में रात के तापमान में और गिरावट आने की संभावना है, जिससे सर्दी का असर और बढ़ सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के वैज्ञानिक संदीप कुमार ने बताया कि अब राज्य में धीरे-धीरे उत्तर-पश्चिमी हवाओं का प्रभाव बढ़ने लगा है, जो सर्दी के आगमन का संकेत है। नवंबर के पहले सप्ताह तक तापमान में दो से चार डिग्री की और गिरावट दर्ज की जा सकती है। उधर, मंगलवार को राजधानी शिमला सहित अधिकांश क्षेत्रों में धूप खिली रही। कुछ क्षेत्रों में हल्के बादल भी छाए रहे। मंगलवार को ऊना में अधिकतम तापमान 30.7, बिलासपुर में 28.7, धर्मशाला में 27.1, कांगड़ा में 27.0, नाहन में 26.3, मंडी में 24.7, सोलन में 24.5, शिमला में 19.8 और मनाली में 18.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
केलांग में न्यूनतम तापमान माइनस 0.1, शिमला में 9.6
उधर, सोमवार रात को केलांग में न्यूनतम तापमान माइनस 0.1, कुकुमसेरी में 0.2, ताबो 1.1, कल्पा में 3.4, कुफरी में 7.9, नारकंडा में 5.7, भरमाैर में 8.1, रिकांगपिओ में 6.7, शिमला में 9.6, धर्मशाला में 12.8, ऊना में 11.6, नाहन में 15.3, सोलन में 9.0, मनाली में 6.1, कांगड़ा- मंडी 13.0 और बिलासपुर में 14.8,ॉ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।