इतने दिन बरसेंगे बादल
बीते 24 घंटों के दाैरान मनाली में 57.0, सराहन 37.5, घमरूर 36.2, नगरोटा सूरियां 32.2, अघार 30.6, मुरारी देवी 29.4, गुलेर 27.4, बिलासपुर 27.0, भराड़ी 25.2, काहू 24.2 व बरठीं में 23.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार राज्य के कई भागों में 29 जुलाई तक बारिश जारी रहने का पूर्वानुमान है। 23, 26 और 29 जुलाई को कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। 27 और 28 जुलाई को अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। जबकि 24 और 25 जुलाई को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होगी। 24 व 27 से 29 जुलाई तक कुछ स्थानों पर भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मानसून में अब तक 1517 कच्चे-पक्के घर क्षतिग्रस्त
प्रदेश में इस मानसून सीजन में 20 जून से 22 जुलाई तक 137 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है। 228 लोग घायल हुए हैं। 34 लोग अभी भी लापता हैं। इस दाैरान 59 लोगों की सड़क हादसों में माैत हुई है। बादल फटने, भूस्खलन, बाढ़ से अब तक 1517 कच्चे-पक्के घरों, दुकानों को क्षति हुई है। 1066 गोशालाएं भी क्षतिग्रस्त हुई हैं। 1333 पालतु पशुओं की माैत हुई है। नुकसान का कुल आंकड़ा 1,38,216.57 लाख रुपये पहुंच गया है। वहीं अगले 3-4 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 3-5 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है। उसके बाद तापमान में 3-5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने की संभावना है।
किन्नाैर कैलाश यात्रा फिर शुरू
मौसम की अनुकूल स्थिति तथा यात्रा मार्ग पर बहाली कार्यों के पूर्ण हो जाने के कारण किन्नाैर कैलाश यात्रा बुधवार को फिर से आरंभ कर दी गई है। भारी बारिश के चलते यात्रा को रोका गया था। आज माैसम खुलने से यात्रा बहाल कर दिया गया है। पुलिस ने श्रद्धालुओं से अनुरोध किया है कि यात्रा के दौरान प्रशासन की ओर से जारी सभी दिशा-निर्देशों और सुरक्षा उपायों का पालन करें।
पारला भुंतर में दियार चौक के समीप फोरलेन बना तालाब
कुल्लू के पारला भुंतर में जलभराव होने से फोरलेन तालाब बन गया है। एनएचएआई की ओर से बनाए गए फोरलेन में पानी की निकासी का उचित प्रबंध नहीं किया गया है। स्थानीय लोगों के साथ वाहन चालकों को भी फोरलेन पर जमा हुए पानी से दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।