फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हिमाचलः अभी और सताएगा मौसम, इस दिन से बारिश-बर्फबारी के आसार

Wed, 16 Jan 2019 05:33 PM IST
दुष्यंत शर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, शिमला
विज्ञापन
विज्ञापन

दो दिन मौसम साफ रहने के बाद बुधवार को रोहतांग, लाहौल घाटी और चंबा के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में फिर बर्फबारी हुई। मौसम खराब रहने से लाहौल के लिए हेलीकाप्टर की उड़ानें नहीं हो सकीं। रोहतांग दर्रा में 20 सेंटीमीटर ताजा हिमपात हुआ है। मौसम में आए बदलाव के चलते जिला प्रशासन ने अलर्ट जारी कर दिया है।

विज्ञापन


मढ़ी, कोकसर, जिला मुख्यालय केलांग, सोलंगनाला और जलोड़ी दर्रा में भी पांच से दस सेंटीमीटर तक बर्फबारी हुई है। जिला चंबा के कबायली क्षेत्र भरमौर की ऊपरी चोटियों में चार से पांच इंच, किहार सेक्टर की चोटियों में दो से छह इंच तक बर्फबारी हुई है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने वीरवार और शुक्रवार को पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान जताया है। 19 जनवरी की रात से प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के आसार हैं।

विज्ञापन

20 से 23 जनवरी तक पूरे प्रदेश में बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक डॉ. मनमोहन सिंह ने बताया है कि 20 से 23 जनवरी तक कई क्षेत्रों में भारी बारिश-बर्फबारी होने के आसार हैं। उधर, प्रदेश के पहाड़ी क्षेत्रों में रात का तापमान बढ़ता जा रहा है। मंगलवार रात को शिमला में न्यूनतम पारा 7 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। दिल्ली, चंडीगढ़ और देहरादून में मंगलवार रात को न्यूनतम तापमान शिमला से कम रिकॉर्ड हुआ।

कुफरी में न्यूनतम तापमान 5.5, डलहौजी में 6.2, कांगड़ा में 5.6, चंबा में 5.2, बिलासपुर में 4.3, मंडी में 2.3, नाहन में 4.1, धर्मशाला में 3.2, ऊना में 2.7, केलांग में माइनस 7.0, कल्पा में माइनस 2.6 और मनाली में माइनस 0.9 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। बुधवार को प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में बादल छाए रहे। अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री की कमी दर्ज हुई।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें