हिमाचल के अधिकांश हिस्सों में रविवार को धूप खिली रही जबकि केलांग का पारा माइनस 3.1 डिग्री दर्ज किया गया है। मौसम खुलने के बाद प्रदेश के अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी जबकि न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री की कमी दर्ज की गई है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के मुताबिक 21 नवंबर तक मौसम साफ रहेगा। हालांकि, 21 और 22 नवंबर को ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश के आसार हैं। उधर, विशेषज्ञों ने किसानों और बागवानों से खेतों और बगीचों के प्रबंधन में जुटने की सलाह दी है।
राजधानी शिमला में रविवार को दिन भर मौसम साफ रहा। एक सप्ताह बाद कुल्लू और लाहौल घाटी में भी मौसम खुलने से लोगों ने राहत की सांस ली। लाहौल के रिहायशी इलाकों में बर्फबारी से करीब दो दर्जन संपर्क मार्ग अभी बंद पड़े हैं। रोहतांग में करीब 35 सेंटीमीटर बर्फ गिरने से मनाली-लेह मार्ग पर भी वाहनों की आवाजाही के लिए ठप है।
रोहतांग दर्रा में अभी दो ट्रक सहित कई वाहन फंसे हैं। सेब से भरा एक ट्रक तीन दिनों से राहनीनाला के पास फंसा है। हालांकि, प्रदेश सरकार ने लोगों की आवाजाही के लिए मनाली से रोहतांग टनल के नॉर्थ पोर्टल तक एचआरटीसी की बस सेवा शुरू की है, जो रोजाना टनल होकर गुजरेगी। बीआरओ ने बस सेवा शुरू करने को हरी झंडी दी है।
न्यूनतम तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
कल्पा 1.8
मनाली 2.2
कुफरी 5.1
डलहौजी 7.8
शिमला 9.5
धर्मशाला 11.6