मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की प्रदेश में रविवार को भारी बारिश की चेतावनी से उलट राजधानी शिमला समेत अधिकांश इलाकों में दिनभर धूप खिली रही। हालांकि, शाम को बादल जरूर बरसे लेकिन बारिश अनुमान से कम ही रही। अब सोमवार को भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक डॉ. मनमोहन सिंह ने बताया कि सोमवार को मध्य पर्वतीय क्षेत्राें शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू, चंबा और मैदानी क्षेत्रों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और कांगड़ा के कुछ स्थानों में जमकर बादल बरसने का पूर्वानुमान है।
उन्होंने सात जुलाई तक प्रदेश में बारिश का दौर जारी रहने के आसार जताए हैं। राजधानी शिमला सहित प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में रविवार को मौसम मिलाजुला रहा। शिमला शहर में दिनभर धूप-छांव का दौर चला।
शाम को हल्की बारिश का सैलानियों ने लुत्फ उठाया। रविवार को ऊना में अधिकतम तापमान 35.8 रहा जबकि भुंतर में 35.0, बिलासपुर में 34.2, सुंदरनगर में 33.5, हमीरपुर में 34.2, चंबा में 32.4, कांगड़ा में 32.9, नाहन में 30.0, सोलन में 28.3, धर्मशाला में 29.3 और शिमला में 23.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।