फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Himachal Weather: हिमाचल के कई जिलों में अंधड़ ने बरपाया कहर, पेड़ गिरने से दो लोगों, छह बकरियों की माैत

Mon, 19 May 2025 02:04 PM IST
Krishan Singh अमर उजाला नेटवर्क, कांगड़ा/कुल्लू

सार

प्रदेश के कई जिलों में सोमवार सुबह आए अंधड़ ने कहर बरपाया है। कई क्षेत्रों में ओलावृष्टि से भी नुकसान  की सूचना है।
विज्ञापन
हिमाचल में अंधड़ ने बरपाया कहर। - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हिमाचल प्रदेश में ऑरेंज अलर्ट के बीच कई जिलों में सोमवार तड़के तेज अंधड़, बारिश और ओलावृष्टि ने तबाही मचा दी। कांगड़ा, मंडी और कुल्लू में जानमाल काे नुकसान हुआ है। पेड़ के नीचे दबने और बिजली गिरने से दो लोगों समेत 95 भेड़-बकरियों की जान चली गई। तेज अंधड़ कई घरों की छतें उड़ा ले गई। पेड़ गिरने से वाहन और बिजली के तार क्षतिग्रस्त हुए हैं। मटर, सेब और अन्य फसलों को नुकसान हुआ है।

विज्ञापन


सोमवार तड़के कांगड़ा में नगरोटा बगवां के खावा गांव में ट्रक पर पीपल का पेड़ गिर गया। इसमें ट्रक के भीतर सो रहे चालक संजीव कुमार (42) और टेक चंद (51) की मौत हो गई। दोनों देहरा के रहने वाले थे। पुलिस, दमकल विभाग की टीमों ने पेड़ को काटकर दोनों को बाहर निकाला। जिले में आम की करीब 40 फीसदी फसल भी तबाह हो गई है। मंडी जिले में 11 घरों और 14 गोशालाओं को नुकसान हुआ है। शहर के खलियार में पेड़ गिरने से पांच वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं। जोगिंद्रनगर की गलू पंचायत के मोहाल बगड़ा में बिजली गिरने से 75 भेड़-बकरियों की मौत हो गई। तारों पर पेड़ गिरने से कई क्षेत्रों में सुबह के समय बिजली भी गुल रही। उपमंडल थुनाग के चिऊणी, चेत, घियार, भाटकीधार जैसे कई इलाकों में ओलावृष्टि हुई है। इससे मटर और सेब की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है।


विज्ञापन


कुल्लू के शुश के साथ लगते जंगल में पेड़ गिरने से भेड़पालकों का टेंट क्षतिग्रस्त हो गया। इसमें 20 बकरियों की मौत हो गई, जबकि 10 घायल हैं। तीन भेड़पालकों की जान बाल-बाल बची है। वहीं, सैंज व बंजार घाटी में ओलावृष्टि होने से सेब सहित रबी की फसल को भारी नुकसान हुआ है। लाहौल के रिहायशी इलाकों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हुई है। चंबा के जनजातीय क्षेत्र पांगी की ऊंची चोटी चस्क भुटोरी में 12.7 सेंटीमीटर ताजा बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में बारिश हुई है। भरमौर की चोटियों में भी 5.08 सेंटीमीटर बर्फबारी हुई है। हमीरपुर के सोरड़ गांव में जामुन का पेड़ गिरने से बिजली के दो पोल क्षतिग्रस्त हुए हैं। वहीं, ऊना जिले में मौसम साफ रहा।

उधर, किन्नौर जिले की ऊंची चोटियों पर सोमवार को ताजा हिमपात हुआ। दोपहर बाद सांगला वैली और रिकांगपिओ में झमाझम बारिश हुई। वहीं रामपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में भी सोमवार सुबह भारी बारिश और अंधड़ से लोग सहम गए। किन्नौर की चोटियों पर ताजा हिमपात हुआ है। आनी उपमंडल में सोमवार सुबह अंधड़ ने भारी तबाही मचाई।


माैसम विज्ञान केंद्र शिमला की ओर से आज प्रदेश के शिमला, सोलन, सिरमाैर, कुल्लू व मंडी जिले में ओलावृष्टि और अंधड़ का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। बाकि जिलों के लिए येलो अलर्ट है। कई क्षेत्रों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अलर्ट है। विभाग के अनुसार 19 मई को राज्य के मध्य व निचले पहाड़ी क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर तथा उच्च पहाड़ी क्षेत्रों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। 20 से 23 मई  के दौरान राज्य के मध्य-उच्च पहाड़ी क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर, जबकि 23 मई को निम्न पहाड़ी क्षेत्रों में हल्की बारिश होने की संभावना है। वहीं अगले 24 घंटों के दौरान न्यूनतम और अधिकतम तापमान में कोई बड़ा परिवर्तन नहीं होगा। उसके बाद राज्य के कई हिस्सों में अगले 2-3 दिनों के दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे लगभग 2-3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है।

जनजातीय क्षेत्र पांगी के भटोरी बर्फबारी, धायक डॉ. जनकराज ने शेयर किया वीडियो
चंबा। के जनजातीय क्षेत्र पांगी के भटोरी में सोमवार अल सुबह से बर्फबारी दर्ज की गई। पांगी के ऊपरी क्षेत्रों में बर्फबारी और निचले क्षेत्र में बारिश के बाद तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गई है। भरमौर-पांगी के विधायक डॉ. जनकराज ने बाकायदा इसका वीडियो बनाकर लोगों के साथ शेयर किया है। उन्होंने जनजातीय क्षेत्र पांगी की खूबसूरती का वर्णन करते हुए कहा कि भरमौर और पांगी में पर्यटन की काफी संभावना बनाए हैं। पर्यटन की दृष्टि से विकसित किए जाने के बाद यहां पर लोगों को रोजगार मिलने के साथ देश विदेश के पर्यटक भी यहां पहुंच सकते हैं।

 

मयाड़ घाटी में रिहायशी इलाकों में बर्फबारी, कृषि कार्य हुए प्रभावित
केलांग। सोमवार सुबह से लाहौल के रिहायशी इलाकों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो रही है। मयाड़ घाटी में तापमान गिरने से यहां रिहायशी इलाकों में हिमपात हो रहा है। इन दिनों घाटी में बिजाई का काम चल रहा है। बारिश और बर्फबारी होने से कृषि कार्य प्रभावित हुए हैं। 


 
विज्ञापन

मैदानों में बढ़ने लगा तापमान
वहीं मैदानी इलाकों में तपिश बढ़ गई है। ऊना में अधिकतम तापमान 41.0 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि न्यूनतम तापमान ताबो में 5.5 में डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शिमला में अधितम अधिकतम तापमान 27.0, सुंदरनगर में 37.0, भुंतर में 36.3, कल्पा में 23.8, धर्मशाला में 35.0, ऊना में 41.0, नाहन में 35.3, केलांग में 22.7, सोलन में 32.8, मनाली में 28.0, कांगड़ा में 37.8, मंडी में 35.8, बिलासपुर में 37.2, हमीरपुर में 36.0, चंबा 33.6, डलहौजी में 25.7 और जुब्बड़हट्टी में 30.8, कुफरी में 21.4 और नारकंडा में 21.2 डिग्री सेल्सियस रहा। बीती रात को मंडी 16.4, जोत 15.8, कुकुमसेरी 13.2, छतराड़ी 12.5, कांगड़ा 12.4, भरमौर 12.0, संधोल 10.6, पंडोह 10.0, करसोग 9.1, रामपुर 8.8, तीसा 8.5, जोगिंदरनगर 8.0, पालमपुर 7.4, सियोबाग 7.2 व गोहर में 7.0 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें