मनाली और आसपास के क्षेत्रों में सुबह झमाझम बारिश हुई, जबकि शिंकुला, बारालाचा पास और रोहतांग दर्रा में बर्फबारी हुई। जून में हुई इस बर्फबारी से पर्यटकों के चेहरे खिल उठे हैं। सिरमौर जिला में गुरुवार रात हुई बारिश से सड़कों को काफी नुकसान पहुंचा है। नाहन-रेणुकाजी सड़क पर पेड़ गिरने से काफी देर तक सड़क बंद रही। जिले में बारिश के कारण 9 मुख्य सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई हैं। सड़कों के टूटने से सरकारी और सार्वजनिक संपत्ति को करीब 3 लाख 45 हजार रुपये के आर्थिक नुकसान का अनुमान लगाया गया है।
कुनिहार में शुक्रवार को हुई पहली बारिश ने ही स्थानीय प्रशासन की जल निकासी व्यवस्था की तैयारियों की पोल खोल दी। नालियों से पानी ओवरफ्लो होकर सड़कों पर बहने लगा, जिससे पूरा बाजार और आसपास के इलाके जलमग्न हो गए। इस जलभराव के कारण कई दुकानों और घरों में पानी घुस गया, जिससे लोगों को भारी नुकसान उठाना पड़ा। कांगड़ा जिले के कुछ हिस्सों में वीरवार रात और शुक्रवार सुबह भी बूंदाबांदी हुई है। ऊना जिले में शुक्रवार को सुबह के समय आसमान में बादल छाए रहे।
माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 12 और 13 जून को राज्य में कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। 14, 15, 16, 17 और 18 जून को कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होगी। इस दाैरान ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी होने के आसार हैं। वहीं अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। इसके बाद, अगले 4-5 दिनों में राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान धीरे-धीरे 2-3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान 4-6 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। इसके बाद तापमान में बढ़ोतरी की संभावना है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के सिरमौर और शिमला जिलों के कुछ वाटरशेड और आसपास के इलाकों में अचानक बाढ़ का जोखिम जताया है। प्रदेश में 17 जून तक मौसम खराब रहने का येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।
बीते 24 घंटों के दाैरान कसौली में 105.0, धर्मपुर 86.6, धौलाकुआं 43.5, पालमपुर 40, सोलन 34.6, जोत 30.0, सराहन 30, नाहन 26.7, पांवटा साहिब 25.2, शिमला 20.0 व नारकंडा में 20.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। शिमला में न्यूनतम तापमान 28.0, सुंदरनगर 36.8, भुंतर 36.0, कल्पा 21.5, धर्मशाला 34.0, ऊना 44.0, नाहन 32.8, केलांग 21.0, पालमपुर 32.0, सोलन 34.0, मनाली 27.5, कांगड़ा 37.0, मंडी 37.2, बिलासपुर 40.0, डलहाैजी 27.9, जुब्बड़हट्टी 32.0, कुफरी 22.9, कुकुमसेरी 20.6 , बरठीं 35.8, पांवटा साहिब 37.0, ताबो 24.0 व सराहन में 25.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
ऊना 32.4
नेरी 31.4
बरठीं 30.9
कांगड़ा 30.2
सुंदरनगर 30.2
सोलन 29.5
धर्मशाला 29.0
मंडी 28.6
बिलासपुर 28.4
नाहन 27.0
भुंतर 26.1
शिमला 22.5
मनाली 18.6
केलांग 17.9