धर्मशाला के खनियारा में बारिश ने बरपाया कहर
- फोटो : संवाद
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिला मुख्यालय धर्मशाला के साथ लगते खनियारा में शुक्रवार को जोरदार बारिश ने भारी तबाही मचाई। बारिश के चलते इंद्रूनाग मंदिर के साथ लगते नाले में बाढ़ आ गई। बाढ़ ने पूरे इलाके को अपनी चपेट में ले लिया। इससे एक कार और टेंपो समेत आधा दर्जन वाहन मलबे में दबकर क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि चार दुकानें ढह गईं। कई घरों, दुकानों और नाले के साथ लगते राशन डिपो में मलबा घुस गया। लोग इसे बादल फटना बता रहे हैं, लेकिन जिला प्रशासन ने बादल फटने की पुष्टि नहीं की है।
नाले में आई बाढ़ से दो पुल बह गए, एक मंदिर को भी नुकसान पहुंचा है। गनीमत यह रही कि जिन मकानों में मलबा घुसा है, वे मकान खाली थे, क्योंकि उन मकानों के मालिक दूसरे राज्य में रहते हैं। स्थानीय लोगों की मानें तो क्षेत्र में एक जोरदार धमाके के साथ ही मूसलाधार बारिश शुरू हुई। साथ ही नाले में बाढ़ आ गई। शुक्रवार को किसी कारण से सरकारी राशन का डिपो बंद था, जिससे कोई नुकसान नहीं हुआ। हालांकि डिपो में मलबा घुस गया।
खाली करवाया प्राइमरी स्कूल
नाले में पानी का जलस्तर बढ़ता देख साथ लगते प्राइमरी स्कूल को समय रहते आनन-फानन में खाली करवा दिया गया। स्कूल नाले से मात्र 15 मीटर की दूरी पर है। जिस समय नाले का जलस्तर बढ़ा, उस दौरान स्कूल में कक्षाएं चल रही थीं।
प्रदेश में दो दिन भारी बारिश का अलर्ट
वहीं, प्रदेश में छह दिनों तक मौसम खराब रहने की संभावना है। इस दौरान प्रदेश के कई भागों में बारिश की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 4 और 5 सितंबर के लिए भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। 24 घंटों के दौरान नगरोटा सुरियां में 32, भराड़ी 27, बलद्वाड़ा 26, मेहरे 23, बिझड़ी 22, गोहर और बिलासपुर 13-13, भोरंज 9 और नाहन में 3 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।