नाहन में भारी बारिश से नाले में तब्दील हुईं गलियां
जिला सिरमौर में शुक्रवार रात को भारी बारिश हुई है। भारी बारिश के चलते जिले के कई स्थानों पर नुकसान के मामले सामने आए हैं। जिला मुख्यालय नाहन में भारी बारिश से गलियों ने नाले का रूप धारण कर लिया। वार्ड नंबर-5 के अमरपुर मोहल्ला में देर रात हुई भारी बारिश लोगों के लिए आफत बनकर आई । यहां बरसात का पानी मलबे के साथ लोगों के घरों समेत दुकानों में घुस गया। इससे भारी नुकसान हुआ है। दहशत में लोग रात भर जागते रहे। मौके पर पहुंची वार्ड की पार्षद मधु अत्री ने बताया कि भारी बरसात से लोगों के घरों में घुसे बरसाती पानी से नुकसान हुआ है। घरों में रखा कीमती सामान व टीवी, फ्रिज, अलमारी, बेड, कपड़े आदि खराब हुए हैं। उधर, ग्राम पंचायत सतीवाला में भी भारी बारिश से लोगों के घरों एवं खेतों में नुकसान की जानकारी सामने आई है। यहां एक फैक्ट्री में भी बरसाती पानी घुस गया।
इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार आज कांगड़ा, मंडी, शिमला, सोलन व सिरमौर जिले के लिए भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। कई भागों में अलर्ट के बीच झमाझम बारिश जारी है। पर्यटकों व स्थानीय लोगों को नदी-नालों से दूर रहने की सलाह दी गई है। वहीं अगले 24 घंटों के दौरान चंबा, कांगड़ा, मंडी, सिरमौर और शिमला जिलों के कुछ जलग्रहण क्षेत्रों और आसपास के क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बाढ़ का खतरा होने की संभावना है। मंडी में भारी बारिश और भूस्खलन से एक घर व चार गोशालाओं को नुकसान हुआ है। जोगिंद्रनगर की बजगर खड्ड में तेज बहाव में बहती हुई बाइक बरामद हुई। इसमें बाइक चालक के बहने की आशंका। कांगड़ा में बारिश से तीन कच्चे मकान क्षतिग्रस्त हो गए। दो को नुकसान पहुंचा है।
परवाणू से धर्मपुर तक फोरलेन किया वनवे, नेशनल हाईवे-707 पर दरकी पहाड़ी
कालका-शिमला फोरलेन को जगह-जगह भूस्खलन के चलते परवाणू से धर्मपुर तक वनवे किया गया है। सिरमौर जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-707 पर सतौन के समीप बिना बारिश के ही साफ मौसम में पहाड़ी दरकने से बड़ी मात्रा में मलबा आ गया। इसके चलते हाईवे करीब तीन घंटे तक बंद रहा। इस दौरान सड़क के दोनों छोर पर सैकडों वाहन खड़े रहे। पांवटा साहिब को ओर जाने वाले मुसाफिरों ने सतौन तक दो किलोमीटर का सफर पैदल चलकर तय करना पड़ा। जानकारी के अनुसार एनएच-707 शनिवार दोपहर करीब 12:00 बजे खुले मौसम में पहाड़ी दरकने से चीलोंण के पास बंद हो गया था। एनएच विभाग ने सड़क निर्माण के दौरान वहां पर मलबा रोकने के लिए वायर क्रेट के जाल लगा रखे थे लेकिन मलबा अधिक होने के कारण यह टूट गए। जनजातीय जिला किन्नौर के निगुलसरी में एनएच-पांच पर सफर करना मुसीबत बन गया है। लगातार पहाड़ी से हो रहे भूस्खलन के कारण हजारों लोग जान हथेली पर रखकर सफर करने को मजबूर हैं। शनिवार को दोपहर बाद करीब 3:30 बजे एनएच बहाल हुआ और करीब 18 घंटों बाद वाहनों की आवाजाही शुरू हुई। इससे लोगों ने राहत की सांस ली।
कहां कितना न्यूनतम तापमान
शिमला में न्यूनतम तापमान 17.5, सुंदरनगर 23.1, भुंतर 23.2, कल्पा 16.2, धर्मशाला 19.5, ऊना 24.3, नाहन 23.3, केलांग 14.3, पालमपुर 19.5, सोलन 21.5, मनाली 19.8, कांगड़ा 22.8, मंडी 24.1, बिलासपुर 25.0, हमीरपुर 25.4, चंबा 24.5, कुफरी 16.8, रिकांगपिओ 18.6, धौलाकुआं 24.8, कसौली 18.8, पांवटा साहिब 26.0, ताबो 13.8, देहरा गोपीपुर 26.0, नेरी 25.0, सैंज 20.3 व बजौरा में 23.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
अधिकतम तापमान(डिग्री सेल्सियस में)
शिमला 21.0
भुंतर 32.2
कल्पा 25.6
धर्मशाला 25.6
ऊना 33.7
नाहन 27.5
सोलन 25.0
मनाली 26.7
कांगड़ा 29.4
मंडी 28.4
बिलासपुर 32.7
हमीरपुर 31.3
चंबा 33.0
धाैलाकुआं 30.8
बरठीं 31.3
बजौरा 32.4