5 से 7 अक्तूबर तक बारिश की गतिविधि अधिक रहने के आसार
माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार राज्य में 4 से 8 अक्तूबर तक लगातार बारिश होने का पूर्वानुमान है। सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ, अरब सागर के साथ-साथ बंगाल की खाड़ी से उच्च नमी का संचाव व अन्य अनुकूल स्थितियों के प्रभाव से माैसम में यह बदलाव आने की संभावना है। 5 से 7 अक्तूबर के दौरान बारिश की अधिक गतिविधि होने की संभावना है, जिसकी अधिकतम तीव्रता 6 अक्तूबर को होगी। एक-दो स्थानों पर 4 से 7 अक्तूबर के दौरान गरज के साथ 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और ओलावृष्टि होने की संभावना है। विभाग के अनुसार 3 अक्तूबर को कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना है। 4 और 7 अक्तूबर को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। 7 अक्तूबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। वहीं 5 और 6 अक्तूबर को अधिकांश स्थानों पर बारिश होगी। इस दाैरान कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश, ओलावृष्टि व अंधड़ चलने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 7 अक्तूबर के लिए येलो अलर्ट है। इस दाैरान चोटियों पर बर्फबारी के आसार हैं। 9 अक्तूबर तक कुछ भागों में बारिश का दाैर जारी रह सकता है।
इन जिलों के लिए अलर्ट
माैसम विभाग के अनुसार 5 अक्तूबर को ऊना, चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, लाहौल-स्पीति और मंडी जिले में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश, चोटियों पर बर्फबारी का येलो अलर्ट है। 6 अक्तूबर को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और लाहौल-स्पीति में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश-बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। जबकि शिमला, सिरमौर और किन्नौर जिले में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश-बर्फबारी का येलो अलर्ट है। 7 अक्तूबर को सोलन, सिरमौर और कांगड़ा में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश का येलो अलर्ट है। 5 अक्तूबर को ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, कांगड़ा और मंडी में अलग-अलग स्थानों पर ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट है। इसी तरह 6 अक्तूबर केा ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, सोलन और सिरमौर जिलों में कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि येलो अलर्ट है।
कहां कितना न्यूनतम तापमान
अगले 48 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, उसके बाद अगले 3-4 दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान 4-6 डिग्री सेल्सियस गिरने की संभावना है। अधिकतम तापमान 5-9 डिग्री सेल्सियस गिरने की संभावना है। शिमला में न्यूनतम तापमान 14.2, सुंदरनगर 19.4, भुंतर 16.9, कल्पा 8.0, धर्मशाला 16.6, ऊना 19.4, नाहन 18.8, पालमपुर 15.0, सोलन 16.2, मनाली 13.5, कांगड़ा 19.1, मंडी 20.5, बिलासपुर 22.4, हमीरपुर 21.8, कुफरी 11.7, कुकुमसेरी 6.7, नारकंडा 9.3, भरमाैर 12.0, रिकांगपिओ 12.7, बरठीं 21.5, पांवटा साहिब 23.0, सराहन 14.3, ताबो 4.7 व बजाैरा में 16.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।