कड़ाके की ठंड से कुल्लू में जाम होने लगे पेयजल स्रोत
वहीं, दिसंबर महीने में कड़ाके की ठंड के चलते कुल्लू में पेयजल स्रोत जाम होने लगे हैं। पेयजल स्रोत जाम होने से पेयजल योजनाओं की आपूर्ति पर असर पड़ रहा है। जिले में ग्रामीण क्षेत्रों की 30 पेयजल योजनाओं पेजयल स्रोत जमने के कारण प्रभावित हो रही हैं। ग्रामीण क्षेत्रों की इन पेयजल योजनाओं में सुबह के समय पानी की आपूर्ति ठप पड़ रही है। धूप लगने के बाद सप्लाई सुचारु हो रही है। पेयजल योजनाओं में पानी की आपूर्ति पर भी करीब 50 फीसदी तक असर पड़ा है। कुल्लू, मनाली, बंजार सहित अन्य इलाकों की ग्रामीण क्षेत्रों की पेयजल योजनाओं पर कड़ाके की ठंड के चलते असर हुआ है। जबकि पीज क्षेत्र के लिए पेयजल आपूर्ति में पानी कम रहा गया है। यहां पर लोगों को पेयजल को लेकर दिक्कतें आ रही हैं।
बाराहार-लोट पेयजल योजना का स्रोत में भी पानी जमने से दिक्कतें आ रही हैं। यहां पर पानी की समस्या को देखते हुए जल शक्ति विभाग के अधिकारियों ने क्षेत्र का दौरा भी किया है। वहीं अन्य क्षेत्रों में पेयजल स्रोत जमने से पानी की आपूर्ति 50 फीसदी तक कम हो गई है। हालांकि जल शक्ति विभाग की ओर से जिन क्षेत्रों में पानी की समस्या रहेगी, वहां पेयजल की आपूर्ति को टैंकर से पूरा करने की योजना बनाई है। रात के समय पारा काफी लुढ़क रहा है। ऐसे में पानी की पाइपें और स्रोत जाम हो रहे हैं। मौसम के रूख को देखते हुए जल शक्ति विभाग की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
क्या कहते हैं अधिकारी
जल शक्ति विभाग के अधीक्षण अभियंता विनोद ठाकुर ने कहा कि पेयजल स्रोत जमने के कारण करीब 30 योजनाओं में पेयजल की आपूर्ति पर असर पड़ा है। इन पेयजल योजनाओं में पानी की आपूर्ति आधी रह गई है। उन्होंने कहा कि पीज-महाराजा क्षेत्र के लिए उठाऊ पेयजल को जल्द शुरू करने की योजना है, इससे क्षेत्र में दिक्कतें नहीं आएंगी।