पुरूवाला में सिरमौरी हाट की आधारशिला रखी
इससे पहले मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सिरमौर जिले के पांवटा साहिब विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत पुरूवाला में सिरमौरी हाट की आधारशिला रखी। 450 वर्ग मीटर में निर्मित होने वाले इस तीन मंजिला भवन में सभी मूलभूत सुविधाओं के सृजन का प्रावधान है। इसके निर्माण के लिए एक करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। भवन का निर्माण जल्द पूरा किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सिरमौर जिले के सराहां में ‘शी हाट’ की तर्ज पर निर्मित किया जाने वाला यह हाट क्षेत्र की आर्थिकी को सुदृढ़ करने में अहम भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर यह सुविधा उपलब्ध होने से क्षेत्र के लोगों विशेषकर महिलाओं को अपने हस्तशिल्प तथा खाद्य उत्पादों को प्रदर्शित करने तथा उनकी बिक्री के लिए एक बेहतर मंच उपलब्ध होगा।
उन्होंने कहा कि सिरमौरी हाट में स्थानीय ग्राम पंचायत तथा आसपास के क्षेत्र के स्वयं सहायता समूहों की सदस्यों को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। उन्होंने कहा कि हाट में सिरमौर जिला के पारंपरिक व्यंजन भी उपलब्ध होंगे जिससे पर्यटकों को क्षेत्र की समृ़द्ध जीवनशैली को जानने और समझने के अवसर भी प्राप्त होंगे। सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। हिमाचल प्रदेश राज्य हस्तशिल्प एवं हथकरघा निगम को ब्रांड के तौर पर देश-विदेश में स्थापित करने के लिए इसका नाम बदलकर हिमक्राफ्ट किया गया गया है। इस अवसर पर मुख्य संसदीय सचिव संजय अवस्थी, विधायक सुखराम चौधरी, विनय कुमार, अजय सोलंकी, पूर्व विधायक किरनेश जंग, उपायुक्त सुमित खिमटा, पुलिस अधीक्षक रमण कुमार मीणा, कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता एवं सचिव रूपेंद्र ठाकुर, कांग्रेस प्रदेश सचिव अवनीत सिंह लांबा तथा दयाल प्यारी, निदेशक जोगिंद्रा बैंक असगर अली, निदेशक खाद्य एवं आपूर्ति निगम नसीमा बेगम, निदेशक राज्य सहकारी बैंक भारत भूषण मोहिल, अन्य कांग्रेस पदाधिकारी तथा पंचायतीराज संस्थाओं के प्रतिनिधि व स्वयं सहायता समूहों के सदस्य उपस्थित थे।