सरपारा पंचायत के प्रधान इंद्र खुराना ने बताया कि समेज में मिलने वाली मोहाली खड्ड में बाढ़ आने से एक अस्थायी पुल बह गया है। मंगलवार दोपहर बाद रामपुर, निरमंड और आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश हुई। भारी बारिश के बाद से 15/20 क्षेत्र की गानवी खड्ड, रामपुर की नोगली खड्ड और सतलुज नदी उफान पर है। सिरमौर जिले में कई स्थानों पर मंगलवार को हल्की से मध्यम बारिश हुई। नेहली धीड़ा के समीप चट्टान गिरने से नाहन-रेणुकाजी मार्ग करीब एक घंटे तक बंद रहा। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। बाद में प्रशासन ने मलबा हटाकर यातायात बहाल किया। उपमंडल रामपुर को रोहड़ू से जोड़ने वाली भद्राश-ब्रांदली सड़क पर अब ग्रामीणों की दुश्वारियां बढ़ना शुरू हो गई हैं। बरसात के दौरान नरैण पंचायत के भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र से लेकर कुरनू गांव तक स्थिति काफी गंभीर हो जाती है। मलबा सड़क तक पहुंच जाता है और सफर खतरनाक बन जाता है। क्षेत्र के ग्रामीणों ने सुरक्षा के लिहाज से यहां उचित प्रबंधन की मांग उठाई है।
माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार राज्य में 7, 8, 11, 12 और 13 जुलाई को ज्यादातर जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। 7 जुलाई को कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश और 8, 11, 12 और 13 जुलाई को कुछ जगहों पर भारी बारिश होने का पूर्वानुमान है। सप्ताह के बाकी दिनों में राज्य में कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश और कुछ जगहों पर भारी बारिश होने की संभावना है। कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। हमीरपुर, कांगड़ा, मंडी, शिमला और सिरमौर जिलों में बुधवार को कुछ स्थानों पर बारिश की संभावना है।
नेरी 35.4
मंडी 33.4
बरठीं 33.3
ऊना 33.2
कांगड़ा 32.8
चंबा 31.0
रिकांगपिओ 30.9
धर्मशाला 29.0
सोलन 28.5
नाहन 26.3
मनाली 26.8
शिमला 23.5
कांगड़ा जिले में सुबह मौसम साफ रहने के बाद दोपहर बाद धर्मशाला और आसपास के क्षेत्रों में बारिश हुई। रोहतांग दर्रे और ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश के साथ बर्फ के फाहे गिरे। बंजार की तीर्थन घाटी में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। हमीरपुर और ऊना में दिनभर धूप और बादलों की आंखमिचौनी जारी रही। धूप निकलने से मौसम में उमस बढ़ गई है।