हिमाचल प्रदेश में छह दिनों तक मौसम साफ रहने के आसार हैं। धूप खिलने से तापमान में बढ़ोतरी होने के चलते लोगों को ठंड से कुछ राहत मिली है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार राज्य के सभी भागों में 16 फरवरी तक मौसम शुष्क बना रहने का पूर्वानुमान है। पिछले 24 घंटों के दौरान औसत अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ। औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे रहा है।
वहीं, बर्फबारी पर्यटन कारोबार और कृषि-बागवानी के लिए सौगात लेकर ही नहीं आई है। बल्कि, शीतकालीन खेलों, राज्य और राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के द्वार भी खुल गए हैं। मौसम खुलने के बाद मनाली की प्रसिद्ध सोलंगनाला स्की ढलान में स्कीयरों कर करतब देखने को मिल रहा है। स्थानीय स्कीयर ढलान में स्कीइंग का लुत्फ लेने के साथ इस खेल की बारीकियों का अभ्यास कर रहे हैं।
132
सड़कें अभी भी बंद
बीते दिनों हुई बारिश-बर्फबारी के चलते हिमाचल प्रदेश में अभी भी तीन नेशनल हाईवे व 132 सड़कें यातायात के लिए बंद हैं। इसके अलावा 12 बिजली ट्रांसफार्मर भी ठप होने से कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित है।
न्यूनतम तापमान
शिमला में न्यूनतम तापमान 2.5, सुंदरनगर 1.8, भुंतर 1.2, कल्पा -2.0, धर्मशाला 5.2, ऊना 2.7, नाहन 8.3, पालमपुर 2.0, सोलन 2.3, मनाली 0.4, कांगड़ा 3.4, मंडी 2.5, बिलासपुर 4.1, चंबा 3.8, जुब्बड़हट्टी 4.0, कुफरी 1.5, कुकुमसेरी -10.6, नारकंडा -0.5, भरमौर 2.2, रिकांगपिओ 0.5, सेऊबाग 0.5, धौलाकुआं 7.6, बरठीं 1.9, समदो -8.2, पांवटा 7.0, सराहन 1.5 और देहरागोपीपुर में 10.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अधिकतम तापमान
शनिवार को ऊना में अधिकतम तापमान 22.8, भुंतर में 22.0, कांगड़ा में 21.4, नाहन में 21.2, बिलासपुर में 21.1, मंडी में 20.8, चंबा में 20.3, धर्मशाला-सोलन में 19.0, शिमला में 15.0, मनाली में 13.2, कुफरी में 11.0, कल्पा में 9.1, नारकंडा में 6.5 और कुकुमसेरी में 4.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।