मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार वीरवार रात से पश्चिमी विक्षोभ प्रदेश में सक्रिय होने जा रहा है। 16 से 20 जनवरी के बीच कई क्षेत्रों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है। इससे जहां एक ओर सूखे का लंबा क्रम के टूटने की उम्मीद है, वहीं दूसरी ओर ठंड और बढ़ने के आसार हैं। प्रदेश के ऊना, हमीरपुर, कांगड़ा, बिलासपुर, मंडी, सोलन और सिरमौर जिले में सुबह-शाम घना कोहरा छाए रहने से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। कोहरे के कारण सड़क और रेल यातायात पर असर पड़ रहा है। दृश्यता कम होने से वाहन चालकों को खासा सतर्क रहना पड़ रहा है, वहीं, स्कूल जाने वाले बच्चों और दफ्तर जाने वाले कर्मियों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रदेश में वीरवार को भी शीतलहर चलने का येलो अलर्ट जारी हुआ है। उधर, राजधानी शिमला सहित मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में बुधवार को दिनभर धूप खिली रही, जिससे लोगों को ठंड से कुछ राहत जरूर मिली। धूप निकलने से दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई, लेकिन शाम ढलते ही ठंड ने फिर से जोर पकड़ लिया। मौसम विज्ञान केंद्र ने अगले कुछ दिनों में रात के तापमान में और गिरावट की संभावना जताई है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में बारिश होने पर ठंड और बढ़ सकती है।