मंगलवार को बिलासपुर और मंडी जिलों में जलाशयों के आसपास घना कोहरा छाया रहा। सुबह के समय दृश्यता कम रहने से वाहनों की रफ्तार भी धीमी पड़ गई। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, 13 दिसंबर तक प्रदेश में मौसम साफ रहेगा, जिससे पारा और गिर सकता है। इसके बाद मौसम में बदलाव की संभावना है। 14 दिसंबर को लाहौल-स्पीति और किन्नौर, जबकि चंबा व कुल्लू के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी के आसार जताए गए हैं। सोमवार रात को राज्य के 15 स्थानों पर न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से कम दर्ज किया गया।
उधर, शिंकुला, रोहतांंग दर्रा, कुंजम दर्रा और ग्रांफू में हुई ताजा बर्फबारी के बाद मंगलवार को मौसम साफ रहा। मनाली-लेह मार्ग दारचा से आगे बंद रहा। प्रशासन ने शिंकुला दर्रा तक सैलानियों के फोर बाई फोर वाहनों को जाने की अनुमति दी है। मंगलवार होने से रोहतांग दर्रा पर्यटकों के लिए बंद रहा।
बर्फ से लकदक हुआ 16,800 फीट ऊंचा शिंकुला दर्रा, फोर बाई फोर वाहनों के लिए खुला
जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति और लद्दाख की सीमाओं को जोड़ने वाले 16,800 फीट ऊंचा शिंकुला दर्रा ताजा बर्फबारी के बाद पर्यटकों की पहली पसंद बन गया है। यहां करीब आधा फीट बर्फ जमी है। लाहौल-स्पीति प्रशासन ने फोर बाई फोर वाहनों के लिए शिंकुला टॉप खोल दिया है। इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।