हिमाचल प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों में 6 जनवरी तक घना कोहरा छाए रहने का येलो अलर्ट जारी हुआ है। प्रदेश के मध्य और उच्च पर्वतीय जिलों शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू, चंबा किन्नौर और लाहौल-स्पीति में मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है। इस दौरान इन क्षेत्रों में धूप खिलने से अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज होने की संभावना है।
विज्ञापन
ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा सहित सोलन, मंडी और सिरमौर के निचले क्षेत्रों में घना कोहरा पड़ने की संभावना जताई गई है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने मैदानी क्षेत्रों के लोगों से सुबह और शाम के समय पूरी एहतियात के साथ ही घरों से बाहर निकलने की अपील की है। कोहरा पड़ने से वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित होने और मौसम में ठंडक बढ़ने की संभावना जताई गई है।
सोमवार को भी प्रदेश के सभी मैदानी क्षेत्रों में सुबह और शाम के समय घना कोहरा पड़ा। दोपहर 12:00 से 1:00 बजे के बाद ही इन क्षेत्रों में धूप खिली। शाम 4:00 बजे के बाद दोबारा कोहरा पड़ गया। मौसम में आए इस बदलाव के चलते इन दिनों प्रदेश के मध्य और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम दिन के समय साफ हो गया है। सोमवार को राजधानी शिमला सहित अन्य पहाड़ी क्षेत्रों में दिन भर धूप खिली। हालांकि सुबह और शाम के समय इन क्षेत्रों के न्यूनतम तापमान में भी कमी आने से मौसम में ठंडक बढ़ी है।