हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार कहा है कि प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री डॉक्टर यशवंत सिंह परमार का प्रदेश के नवनिर्माण में बहुत ही उल्लेखनीय योगदान है। अगर वह न होते तो शायद आज हिमाचल भी अपने पूर्ण अस्तित्व में नहीं होता। डॉक्टर परमार की भूमिका को याद करते हुए विनय कुमार ने कहा कि यह प्रदेश कभी भी उनके इस ऋण को नहीं चुका सकता। उन्होंने कहा है कि उनके अथक प्रयासों से हिमाचल को पूर्ण राज्य का दर्जा मिला। उनकी दूरदृष्टि, उनकी सादगी आज भी हमारा मार्ग प्रशस्त करता है। विनय कुमार ने कहा कि डॉक्टर परमार को हमारी सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि हम प्रदेश में उनकी विरासत, पार्टी की मजबूती के लिए एकजुटता के कार्य करते हुए प्रदेश के संपूर्ण विकास में अपना योगदान दें।