उन्होंने घटासनी-शिल्हा-बढ़ानी-भुभू जोत-कुल्लू सड़क और प्रस्तावित भुभू जोत टनल का मुद्दा उठाया। भुभू जोत टनल और इसके संपर्क मार्ग को प्राथमिकता परियोजना घोषित करने तथा इस पूरे मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करने का आग्रह किया। इस टनल के बनने से जोगिंद्रनगर और कुल्लू के बीच हर मौसम में वैकल्पिक संपर्क मार्ग उपलब्ध होगा। पठानकोट, मंडी और कुल्लू के बीच दूरी और समय भी कम होगा। इसके अलावा उन्होंने कांगड़ा और हमीरपुर जिलों को जोड़ने के लिए ब्यास नदी पर बसंतीपत्तन-खेरी के बीच डबल लेन पुल और मंडी जिले में पंडोह के पास ब्यास पर मोटरेबल स्टील ट्रस पुल बनाने का प्रस्ताव भी रखा। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने राज्य सरकार की प्राथमिकताओं को ध्यानपूर्वक सुना और हिमाचल की आवश्यकताओं पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया।