मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू हर दिन की तरह शुक्रवार को भी सुबह की सैर पर थे कि तभी उन्हें वर्षा शालिका में बैठी कुछ महिलाएं दिखीं। यह महिलाएं कांगड़ा जिला से रात्रि बस सेवा से यहां पहुंची थीं और उन्हें मुख्यमंत्री से मिलने का समय लेना था।
सीएम सुक्खू ने उनसे पूछा कि इतनी सुबह यहां कैसे और क्यों आईं तो उन्हें बताया गया कि यह सभी ट्रेंड नर्सरी टीचर्स (एनटीटी) हैं, जो अपनी मांगों को लेकर आप से मिलने आई हैं। उनकी मांग थी कि ट्रेंड नर्सरी टीचर्स जो पहले से लगी हुई हैं, उन्हें नौकरी में पहले लिया जाए और प्री-प्राइमरी स्कूल में शीघ्र नर्सरी टीचर्स की भर्ती करवाए जाने के लिए भी उन्होंने आग्रह किया। यह सुनकर सीएम ने अपना दरबार वहीं लगा दिया।
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा है कि सरकारी विभागों में पेट्रोलियम वाहनों की खरीद पर रोक लगा दी गई है। कांग्रेस विधायक राजेंद्र राणा के सवाल का लिखित में जवाब देते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार वाहनों के बेड़े को इलेक्टि्रक वाहनों में चरणबद्ध तरीके से परिवर्तित करने के लिए प्रक्रियाशील है। इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए सभी विभागों को दो फरवरी 2023 को निर्देश दे दिए गए हैं। परिवहन विभाग में 25 वाहन, एचआरटीसी में 75 बसें, 50 वैन और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड में एक वाहन इलेक्ट्रिक खरीदा गया है।
एचआरटीसी ने 40 माह से नहीं दिया ओवरटाइम
एचआरटीसी ने बीते 40 माह तक ओवरटाइम का भुगतान नहीं किया है। उपमुख्यमंत्री ने कांग्रेस विधायक सुधीर शर्मा के सवाल का लिखित जवाब देते हुए बताया कि फरवरी 2019 से फरवरी 2023 तक एचआरटीसी ने ओवरटाइम का भुगतान नहीं किया है। इस बकाया राशि का भुगतान चरणबद्ध तरीके से उपलब्ध बजट के आधार पर किया जाएगा।
घटिया कृषि उपकरणों की करेंगे जांच : चंद्र
कृषि मंत्री चंद्र कुमार ने कहा है कि प्रदेश में आवंटित किए गए घटिया कृषि उपकरणों की जांच की जाएगी। भाजपा विधायक इंद्र सिंह गांधी के सवाल का जवाब देते हुए मंत्री ने कहा कि गत तीन वर्षों में 31 जनवरी 2023 तक बल्ह विधानसभा क्षेत्र में कृषि विभाग की ओर से कृषि ट्रैक्टर, चैप कटर, स्प्रे पंप, पंप टिलर, पावर वीडर लाभार्थियों को आवंटित किए गए। कृषि मंत्री ने कहा कि इस खरीद के कुल बजट का 34 फीसदी बल्ह में खर्च हुआ है।