पश्चिम बंगाल से संबंध रखने वाले व्यक्तियों को उनके राज्य तक वापस पहुंचाने के लिए एक ट्रेन 20 मई को जानी थी, लेकिन पश्चिम बंगाल में चक्रवात के चलते इस ट्रेन को फिलहाल रद्द कर दिया है। यह ट्रेन अंब स्टेशन से रवाना होनी थी। उपायुक्त ऊना संदीप कुमार ने बताया कि जल्द ट्रेन रवाना करने की नई तिथि घोषित की जाएगी। इस ट्रेन से जाने के लिए 1400 व्यक्तियों ने पंजीकरण किया है, जिसमें से 15 व्यक्तियों ने ऊना जिला से आवेदन किया था।
विज्ञापन
वहीं, हिमाचल के ऊना प्लेटफार्म पर मंगलवार सुबह करीब पांच बजे पुणे से आई विशेष ट्रेन रुकी तो सभी अधिकारियों व कर्मचारियों ने जोरदार तालियों के साथ 617 यात्रियों का स्वागत किया। प्लेटफार्म से बाहर निकलने के लिए जिला प्रशासन ने दो रास्ते बनाए थे ताकि यात्रियों को उतरने में किसी तरह की कोई असुविधा न हो। सबसे पहले कांगड़ा जिला के यात्रियों को उतारकर सैनिटाइज किया गया। इसके बाद बारी-बारी से सभी जिलों के यात्रियों को उतारा गया।
इन सबकी हेल्थ डेस्क पर थर्मल स्क्रीनिंग की गई। स्टेशन से बाहर निकलने से पहले सभी यात्रियों को खाने-पीने की सामग्री और पानी की बोतलें दी र्गइं। इसके बाद उन्हें एचआरटीसी की बसों में बैठाकर उनके गंतव्यों की ओर रवाना किया गया। इस दौरान सभी यात्रियों ने सोशल डिस्टेंसिंग के नियम का पालन किया। उपायुक्त ऊना संदीप कुमार ने बताया कि पुणे से लौटे ऊना के सभी 70 निवासियों को संस्थागत क्वारंटीन किया गया है। 5-6 दिन बाद सभी के कोविड सैंपल लिए जाएंगे।