नाक के ऑपरेशन के बाद 39 साल के रविंद्र कुमार की मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने शुक्रवार को चंडीगढ़ धर्मशाला मुख्य मार्ग पर मैहतपुर में निजी अस्पताल के सामने शव रख प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने एनएच पर चक्का जाम कर डॉक्टर को गिरफ्तार करने की मांग उठाई। पुलिस अधिकारियों के समझाने पर भी प्रदर्शनकारी नहीं मानें और अड़े रहे। शाम सात बजे प्रदर्शनकारियों ने संपर्क मार्ग जाम कर दिए।
इससे स्थिति और खराब हो गई। परिजनों समेत ग्रामीणों का कहना है कि जब तक अस्पताल संचालक डॉक्टर और ईएनटी सर्जन को गिरफ्तार नहीं किया जाता तब तक उनका धरना प्रदर्शन जारी रहेगा। ग्रामीणों ने कहा कि शुक्रवार सुबह ही डॉ. कोमल मलिक ने उन्हें समझौते का ऑफर दिया और अपनी प्राथमिकी वापस करने की मांग की। कहा कि वह मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने को तैयार हैं।
शुक्रवार को करीब तीन बजे रविंद्र कुमार का शव टांडा मेडिकल कॉलेज से मैहतपुर पहुंचा तो सनोली समेत अन्य आसपास के गांवों से आए लोगों ने अस्पताल के सामने धरना शुरू कर दिया। धरना प्रदर्शन की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रवीण धीमान, डीएसपी मुख्यालय अंकित शर्मा, मैहतपुर पुलिस थाना इंचार्ज रूप सिंह मौके पर पहुंचे और माहौल शांत करने का प्रयास किया।
भड़के ग्रामीणों ने एक न सुनी और प्रदर्शन जारी रखा। एसपी अर्जित सेन ठाकुर भी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को शांत करने का प्रयास किया, लेकिन भड़के प्रदर्शनकारियों के आगे एक न चली और वापस लौटना पड़ा। उधर, प्रदर्शन की सूचना मिलते आनंद राज मलिक अस्पताल के संचालक डॉ. कोमल मलिक और अन्य स्टाफ सदस्य अस्पताल में ताला लगाकर जा चुके थे। प्रदर्शन के चलते मैहतपुर मुख्य बाजार में दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
लोग परेशान होकर बसों से उतरकर पैदल गंतव्य को निकल गए। शाम करीब सात बजे प्रदर्शनकारियों ने संपर्क मांर्गों को भी जाम कर दिया। इससे स्थिति और विकराल हो गई। रविंद्र कुमार की पत्नी मोनिका ने बताया कि वह पति का नाक का माइनर ऑपरेशन करने मलिक अस्पताल आई थीं। तमाम रिपोर्ट डॉक्टरों द्वारा ली गई जो सही पाई गई। बुधवार शाम 4:45 पति को ऑपरेशन थिएटर ले जाया गया और 6:15 बजे तक ऑपरेशन करने के बाद जब पति की अचानक तबीयत बिगड़ गई तो उन्हें मोहाली शिफ्ट करने को कहा गया।
आरोप है कि पति की मैहतपुर में ही मौत हो चुकी थी। देवेंद्र विदेश में नौकरी करता था और कुछ दिन पहले ही छुट्टी लेकर घर आया था।उधर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रवीण कुमार ने कहा कि परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। टांडा मेडिकल कॉलेज की रिपोर्ट के आधार पर ही कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
पांव में फ्रेक्चर, फिर भी समझाते रहे डीएसपी
डीएसपी मुख्यालय अंकित शर्मा के पांव में फ्रेक्चर हो गया है। उन्हें प्लास्टर चढ़ाया गया है, बावजूद इसके मैहतपुर में वह प्रदर्शनकारियों को समझाते नजर आए। उनके इस जज्बे को हर किसी ने सलाम किया।