स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) कुल्लू की टीम ने नशे की बड़ी मात्रा पकड़ने में कामयाबी हासिल की है। पतलीकूहल में किराये के कमरे में एक युवक से 52 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ पतलीकूहल थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। जानकारी के अनुसार पतलीकूहल में एसटीएफ की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर एक किराये के कमरे में दबिश दी। यहां पर तलाशी के दौरान आरोपी टिंकू (36) निवासी गांव जटेहड़ बिहाल, डाकघर कटराईं, कुल्लू के कब्जे से 52 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया। पतलीकूहल में चिट्टा की बड़ी खेप पकड़ने के बाद कई तरह की चर्चाओं का माहौल है। इस संबंध में एसपी मदन लाल कौशल ने कहा कि आरोपी से पूछताछ चल रही है। आरोपी काफी समय से नशे का अवैध कारोबार कर रहा था।
स्पेशल टास्क फोर्स चंबा ने चंबा-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग-154ए पर डुगा डांगा करोरी बंगला के पास एक कार से 204 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। मामले में पंजाब के अमृतसर निवासी चार युवकों को गिरफ्तार किया है। एसटीएफ ने नाकाबंदी के दौरान पठानकोट से चंबा जा रही कार डीएल 11 सीए 2390 को रोका। तलाशी लेने पर कार से 204 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने कार में सवार चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इनकी पहचान गुरदास सिंह (24) निवासी गांव गुरकी बदाली पोस्ट ऑफिस च्यारता, जिला अमृतसर, सोनू (24) निवासी सुंदरनगर मुस्तफाबाद जिला अमृतसर, प्रदीप सिंह (22) निवासी शुभाष नगर 88 फीट रोड, बटाला रोड, अमृतसर और गुरदीप सिंह (32) निवासी मुस्तफाबाद हवेलियां, विजय नगर जिला अमृतसर के रूप में हुई है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने मामले की पुष्टि की है। संवाद