एम्स बिलासपुर में अब दिल के गंभीर मरीजों और जटिल सर्जरी कराने वाले लोगों को अत्याधुनिक थैराप्यूटिक हाइपो हाइपरथर्मिया सिस्टम की सुविधा मिलने जा रही है। यह तकनीक खास तौर पर हार्ट सर्जरी और आईसीयू में भर्ती गंभीर मरीजों की सुरक्षित रिकवरी के लिए उपयोग की जाएगी। संस्थान ने इस हाईटेक प्रणाली की खरीद प्रक्रिया शुरू कर दी है। एम्स बिलासपुर में यह सुविधा शुरू होने के बाद प्रदेश के मरीजों को एडवांस थर्मल मैनेजमेंट तकनीक के लिए चंडीगढ़ या दिल्ली जैसे बड़े मेडिकल संस्थानों का रुख कम करना पड़ेगा। विशेषज्ञों के अनुसार यह प्रणाली दिल की पेचीदा सर्जरी के बाद मरीजों को स्थिर रखने और ब्रेन डैमेज जैसी गंभीर जटिलताओं को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। यह प्रणाली मुख्य रूप से कार्डियोथोरेसिक एंड वैस्कुलर सर्जरी विभाग के लिए खरीदी जा रही है।