हिमाचल प्रदेश में पर्यटकों की आमद में जबरदस्त उछाल देखने में आया है। प्रदेश में वर्ष 2024 की पहली छमाही में एक करोड़ से अधिक सैलानी पहुंचे। इस साल जून के अंत तक रिकॉर्ड 1,00,87,440 पर्यटक हिमाचल के भ्रमण पर पहुंचे। प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों शिमला, मनाली, धर्मशाला, डलहौजी, किन्नौर और लाहौल-स्पीति पर्यटकों से गुलजार हैं।
इस अवधि में सर्वाधिक पर्यटक कुल्लू और शिमला जिलों में उमड़े। कुल्लू जिले की 4,73,737 और शिमला जिले की 4,48,392 सैलानियों ने यात्रा की। प्रदेश में जुलाई में भी पर्यटकों का आगमन निरंतर जारी है। सरकार के अनुसार प्रदेश की अधिकतर सड़कें पर्यटकों के सुगम आवागमन के लिए खुली हैं और पर्यटक हिमाचल की नैसर्गिक सुंदरता को निहारने के लिए प्रदेश का रुख कर रहे हैं।
अधिकतर सड़कें खोली गईं: सीएम सुक्खू
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने पर्यटकों को आश्वस्त किया है कि प्रदेश के अधिकांश मार्ग यातायात के लिए खुले हैं। खराब मौसम के कारण प्रदेश की कुछ सड़कें प्रभावित हुईं थीं, लेकिन वर्तमान में पर्यटकों और आमजन के लिए अधिकतर सड़कें खोली जा चुकी हैं।
उन्होंने कहा कि जुलाई महीने में हजारों की संख्या में पर्यटकों ने हिमाचल की सैर की और इस वर्ष के अंत तक पर्यटकों की संख्या दो करोड़ से अधिक रहने का अनुमान है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सैलानी प्रदेश के विभिन्न स्थलों की यात्रा से संबंधित जानकारी संबंधित जिला प्रशासन व पुलिस विभाग के हेल्पलाइन नंबर और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से प्राप्त कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार पर्यटकों की सुगम एवं सुरक्षित यात्रा तथा उन्हें बेहतर सुविधाएं प्रदान करने को प्राथमिकता प्रदान कर रही है। सुक्खू ने सैलानियों की सुरक्षित यात्रा के लिए प्रदेश सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए कहा कि लोक निर्माण विभाग बाधित सड़कों को बहाल करने के लिए तत्परता से कार्य कर रहा है।
पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन विभाग पर्यटकों को समय-समय पर विशेष सड़क मार्गों पर यात्रा संबंधी जानकारी प्राप्त करने के लिए प्रेरित कर रहा है। ज़िला प्रशासन और हिमाचल पुलिस द्वारा सड़कों की स्थिति संबंधी जानकारी निरंतर उपलब्ध करवाई जा रही है ताकि पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि जब सरकार बनी थी तो कुछ प्राथमिकता क्षेत्र को चिन्हित किया था। सबसे ज्यादा पर्यटन क्षेत्र पर ध्यान दिया गया। पूरे हिमाचल प्रदेश में पर्यटन क्षेत्र को पहले स्थान पर रखा है। पैराग्लाइडिंग विश्व कप भी एक प्रयास है। बीड बिलिंग पैराग्लाइडिंग के लिए स्वर्ग की तरह है। आने वाले समय में 40 से 45 देशों के पैराग्लाइडिंग स्पर्धा में भाग ले रहे हैं।
पालमपुर और चंबा में हेलीपोर्ट बनाए जा रहे हैं। शिमला के हेलीपोर्ट को डीजीसीए की अनुमति मिलते ही शुरू किया जाएगा। पर्यटन सीजन में दुकानदारों को यह कहा है कि वे जब चाहे तो दुकानें खुली रख सकते हैं। 2027 में हिमाचल प्रदेश को आत्मनिर्भर करेंगे। 2032 में भी सबसे समृद्ध राज्य बने, इस दिशा में काम हो रहा है। विश्व कप आयोजन के लिए एसोसिएशन को वह शुभकामनाएं देते हैं।