हमीरपुर, बिलासपुर और मंडी जिलों में सोमवार रात 10:45 बजे जिस रहस्यमयी धमाके की आवाज गूंजी, उससे मंगलवार शाम तक जिला प्रशासन और पुलिस पर्दा नहीं उठा पाई। सोमवार देर रात हुए धमाके की आवाज की चर्चा मंगलवार को दिन भर रही। बेशक पुलिस पर्दा नहीं उठा पाई हो लेकिन भारतीय वायु सेना के विशेषज्ञों के मुताबिक वायु सेना के फाइटर जेट एयरक्राफ्ट से निकलने वाली सुपर सोनिक तरंगों के कारण इस तरह के धमाके होते हैं। अक्सर इस तरह के धमाके तब होते हैं, जब सुपर सोनिक फाइटर जेट एयरक्राफ्ट का प्रेशर वे में बदलाव आता है। जब भी कोई एयरक्राफ्ट मार्क की स्पीड में आता है या फिर स्पीड ऑफ साउंड से एयरक्राफ्ट अत्यधिक तेज रफ्तार पकड़ता है, तो हवा का प्रेशर पेटर्न बदल जाता है।
हिमाचल प्रदेश सैनिक कल्याण विभाग के उप निदेशक एवं भारतीय वायु सेना के पूर्व स्क्वाड्रन लीडर मनोज राणा कहते हैं कि एयरक्राफ्ट के निर्धारित मार्क या सुपर सोनिक स्पीड के कारण धमाके होते हैं। यह केवल युद्ध अभ्यास या किसी विशेष परिस्थितियों में ही होता है। सामान्य तौर पर हर एयरक्राफ्ट से ऐसी आवाजें नहीं निकलतीं। हमीरपुर निवासी अधिवक्ता अमित शर्मा, विकास शर्मा, तहसीलदार टोनी देवी संजीव प्रभाकर और सैनिक कल्याण विभाग के ओएसडी डॉ. विक्रम महाजन ने कहा कि यह धमाका कहां और कैसे हुआ इसका किसी को पता नहीं। ऐसा लगा था मानो आसमान से गोले गिरने के कारण धमाका हुआ हो।
अभी कुछ नहीं कह सकते
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हमीरपुर विजय सकलानी ने कहा कि सोमवार देर रात जो रहस्यमयी धमाका हुआ, उसके बारे में जिला के सभी पुलिस थानों और पुलिस चौकियों से सूचना मांगी गई है। लेकिन अभी कहीं से भी कोई जानकारी प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि यह धमाका किस कारण हुआ, अभी कुछ भी नहीं कहा जा सकता।