जम्मू-कश्मीर के राजौरी सेक्टर में बीते मंगलवार को पाकिस्तान की ओर से भारी गोलाबारी में घायल हमीरपुर के सूबेदार शशि कुमार (45) शहीद हो गए हैं। गोली लगने के बाद शशि को सेना के कमांड अस्पताल उधमपुर लाया गया था, जहां बुधवार सुबह करीब साढ़े सात बजे उन्होंने दम तोड़ दिया।
सूबेदार शशि कुमार उर्फ नीटू भारतीय सेना की 19 पंजाब रेजिमेंट में सेवारत थे और 31 अगस्त को रिटायर होकर घर आने वाले थे। शशि के शहीद होने की खबर मिलने के बाद नादौन स्थित उनके पैतृक गांव गलोल में मातम का माहौल है। एसडीएम नादौन अमित मैहरा ने बताया कि तहसीलदार ने उन्हें फोन पर शशि कुमार के शहीद होने की सूचना दी है। वीरवार तक शहीद की पार्थिव देह नादौन पहुंच जाएगी।
उन्होंने कहा कि शहीद का सैनिक और राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि शहीद शशि कुमार अपने पीछे दो बेटियां प्रियंका शर्मा और आंचल शर्मा, बेटा अक्षय शर्मा, पत्नी शोभा शर्मा के अलावा बुजुर्ग मां-बाप संतोष देवी और पृथ्वी चंद को छोड़ गए हैं। शहीद के परिजनों ने बताया कि सूबेदार शशि कुमार ने अगस्त में रिटायर होने की बात कही थी। लेकिन उससे पहले ही वह देश के लिए कुर्बान हो गए।