हिमाचल प्रदेश में 20 नए उद्योग लगेंगे। इन उद्योगों में 3,635 लोगों को रोजगार मिलेगा। एकल खिड़की प्राधिकरण (सिंगल विंडो) की बैठक में नए उद्योगों को मंजूरी दी गई है। 14 उद्योगों के विस्तार को भी हरी झंडी दी गई है। कुल 1754.44 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में मंगलवार को सचिवालय में हुई बैठक में यह मंजूरी दी गई है। हरोली में फ्रोजन स्नैक्स , मैसर्स क्रंची लश फूड प्राइवेट लिमिटेड को मंजूरी दी है।
मैसर्ज कांफिडेंस पेट्रोलियम इंडिया लिमिटेड कंदरौरी में एलपीजी सिलेंडरों की रिफिलिंग यूनिट लगाएगी। मैसर्ज इनोवेटिव टेकटेक्स नालागढ़, मैसर्ज विटाविन्स को नालागढ़, मैसर्ज एसएमपीपी लिमिटेड को सोलन, मकारियो टेक्नोलजी को नालागढ़ में उद्योग लगाने की मंजूूरी दी है। मैसर्ज ग्रेडिसन्स को नालागढ़ में इंजेक्शन बनाने का उद्योग लगाने की स्वीकृति दी है। सिरमौर, नालागढ़, कालाअंब, बद्दी में भी नए उद्योग लगाने की स्वीकृति दी गई है।
मैसर्ज डाबर इंडिया लिमिटेड बद्दी, मैसज ग्लेनमार्क फार्मास्यूटिकल बद्दी, मैसर्ज रेड्डीज लैबोरेट्रीज बद्दी, मैसर्ज हनूकेम लेबोरोट्रीज बद्दी, मैसर्ज ग्रेयूएक एंड वेल इंडिया लिमिटेड, बरोटीवाला और मैसर्ज बायोेजेम साइंटिफिक सोलन को विस्तार की मंजूरी मिली है। इनके अलावा मैसर्ज बीटा ड्रग्ज नालागढ, मैसर्ज फ्रेसिनियस कबी ओँकोलाजी को नालागढ, मैसर्ज यूएसवी लिमिटेड बद्दी, मैसर्ज इस्टमैन आटो एंड पावर लिमिटेड को भी विस्तार की स्वीकृति दी है।
मंत्रिमंडल की बैठक में होंगे कई निर्णय
हिमाचल मंत्रिमंडल की बैठक बुधवार को होगी। राज्य सचिवालय में होने जा रही इस बैठक में कांग्रेस सरकार की विभिन्न गारंटियों को लागू करने सहित कई अन्य मसलों पर मंत्रणा हो सकती है। ओपीएस को लागू करने के लिए बनाए जा रहे दिशा-निर्देशों पर चर्चा हो सकती है। आगामी बजट सत्र के दौरान पेश किए जाने वाले विधेयकों के ड्राफ्ट पर भी मंत्रणा होनी है।
इसमें भाजपा सरकार के समय अप्रैल 2022 के बाद खोले गए करीब 386 स्कूल-कॉलेजों को बंद करने को लेकर भी फैसला हो सकता है। शिक्षा विभाग की ओर से इस बारे में विस्तृत प्रस्ताव सरकार को भेजा गया है। जनवरी 2023 में हुई शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने इन स्कूल-कॉलेजों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं की विस्तृत जानकारी देने को कहा था। शिक्षा विभाग ने पूरा ब्योरा सरकार को भेज दिया है।