अन्वेषण के दौरान तकनीकी विश्लेषण, कॉल डिटेल रिकॉर्ड, बैंक खातों के परीक्षण और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर यह महत्वपूर्ण तथ्य सामने आया कि उक्त बरामदगी के पीछे एक संगठित सप्लाई नेटवर्क सक्रिय था। जांच में पाया गया कि आरोपी पिंकू राम सप्लायर सलमान हैदर निवासी गांव रसूलपुरा सैय्यद डाकघर राजपुरा नवादा तहसील नजीबाबाद जिला बिजनौर उत्तर प्रदेश के लिए रोहडू क्षेत्र में चिट्टा तस्करी का कार्य कर रहा था। सलमान हैदर पूर्व में रोहड़ू बाजार में मैकेनिक के रूप में कार्य कर चुका है। उसी दौरान उसने स्थानीय नेटवर्क विकसित कर मादक पदार्थों की सप्लाई श्रृंखला स्थापित की।
सलमान हैदर पूर्व में कई बार भारी मात्रा में चिट्टा आरोपी पिंक राम को उपलब्ध करवा चुका है, जिसे आगे स्थानीय स्तर पर युवाओं को बेचा जाता था। इस प्रकार सलमान हैदर इस पूरे नेटवर्क का मुख्य सप्लायर एवं संचालक पाया गया।
मुख्य सप्लायर की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने हेतु विशेष टीम का गठन कर उत्तर प्रदेश रवाना किया गया। शनिवार को आरोपी सलमान हैदर को उत्तर प्रदेश के बिजनौर से गिरफ्तार किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने बताया कि मामले की जांच हर पहलू से जारी है।