बिलासपुर जिला के लुहणू क्रिकेट स्टेडियम में अंडर-16 विजय मर्चेंट क्रिकेट ट्रॉफी में हिमाचल का पलड़ा भारी रहा। हिमाचल की टीम ने हरियाणा को तीन-एक अंक के अंतर से परास्त कर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है।
पहली पारी की बढ़त के आधार पर हिमाचल ने अंतिम आठ में प्रवेश किया। क्वार्टर फाइनल में हिमाचल का मुकाबला अब मुंबई से मुंबई में ही होगा।
क्रिकेट एसोसिएशन बिलासपुर के प्रवक्ता सोनल शर्मा ने बताया कि हिमाचल ने पहली पारी में 429 रन बनाए थे। जवाब में हरियाणा ने रविवार सुबह दो विकेट के नुकसान पर 45 रन से आगे खेलना शुरू किया।
हिमाचल के गेंदबाजों की धारदार गेंदबाजी के आगे हरियाणा की पूरी टीम 65.5 ओवर में महज 159 के कुल स्कोर पर ही सिमट गई। जयदीप भांभु ने 48, वी भारद्वाज ने 25, ए संधु ने 22, एस सिंगरोहा ने 18 और ए दहिया ने 15 रन बनाए।
हिमाचल टीम के राजन राणा ने सर्वाधिक चार विकेट लिए। आयुष जंबाल ने 3 और अंशुल ठाकुर ने 2 विकेट झटके। पहली पारी में 270 रन की बढ़त हासिल करने के बावजूद हरियाणा को फॉलोऑन खिलाने के बजाय हिमाचल ने दूसरी पारी की शुरुआत की।
खेल समाप्त होने तक मेजबानों ने बगैर किसी नुकसान के 59 रन बनाए। वैभव 50 और अभिषेक 8 रन बनाकर नॉट आउट रहे। पहली पारी की बढ़त के आधार पर हिमाचल को मैच में 3 अंक मिले, जबकि हरियाणा को केवल एक अंक दिया गया।