हर्ष महाजन ने ये कहा
वहीं, राज्यसभा के भाजपा प्रत्याशी हर्ष महाजन ने कहा है कि कांग्रेस के लोग बौखलाए हुए हैं और घबराए हुए हैं। इसलिए वह आश्वस्त हैं। कोई खरीद-फरोख्त नहीं हुई है। कुछ कांग्रेस विधायक सरकार से नाराज हैं और कुछ उनके नजदीकी दोस्त हैं। उधर, भाजपा का दावा है कि सरकार बहुमत खो चुकी है।
तबीयत सुधरने पर वोट देने सीएम के हेलीकॉप्टर से शिमला पहुंचे विधायक सुदर्शन बबलू
चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र से विधायक सुदर्शन बबलू मंगलवार को तबीयत सुधरने के बाद राज्यसभा के लिए मतदान करने शिमला रवाना हो गए। उन्हें मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर के जरिये शिमला पहुंचाया गया। इस दौरान उनका उपचार कर रहे चिकित्सक भी विधायक के साथ मौजूद रहे। विधायक सुदर्शन बबलू की तबीयत सोमवार दोपहर को अचानक बिगड़ गई थी। घर से थोड़ी दूरी पर रास्ते में नंदपुर गांव में उन्होंने क्रॉस रोड कॉफी हाउस में कुछ लोगों व विभागीय अधिकारियों से मुलाकात की। लोगों से बातचीत के दौरान अचानक उन्हें चक्कर आ गया और वह बेहोश होकर गिर पड़े। जिसके बाद उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए नागरिक अस्पताल अंब लेकर जाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें होशियारपुर के निजी अस्पताल लेकर जाया गया।
इस संकट की घड़ी से मजबूत होगी कांग्रेस : प्रतिभा
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कि विधायक दल की बैठक में किसी ने कोई नाराजगी जाहिर नहीं की। यह डिनर था। उन्हें पूर्ण विश्वास है कि कांग्रेस इसमें विजयी होगी। संकट की घड़ी जरूर है। एक उम्मीदवार भाजपा ने दिया है और उनको लगता है कि केंद्र सरकार का आशीर्वाद है। वह बहुत आश्वस्त होकर फील्ड में निकले हैं। सच बात यह है कि सरकार को बनाने की बात थी तो जितने भी विधायक जीतकर आए तो उन्हें आशा थी कि उन्हें कुछ न कुछ जरूर बनाया जाएगा। जैसे राजेंद्र राणा ने कहा कि उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री धूमल को हराया। अभी भी कुछ नहीं बिगड़ा है। उन्हें भरोसा भी दिलाया गया है कि वक्त आएगा तो उन्हें स्थान दिया जाएगा। इससे कांग्रेस पार्टी मजबूत होगी। भाजपा तो डराने के लिए और बल दिखाने के लिए बड़ी-बड़ी बातें करेगी। तस्वीर जल्दी साफ होगी।