हिमाचल प्रदेश सरकार के सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (सीबीएसई) के स्कूलों में पढ़ाने वाले प्रिंसिपल और शिक्षकों की योग्यता को हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड परखेगा। करीब 5,700 से अधिक पदों के लिए यह भर्ती प्रक्रिया करवाई जाएगी। इसके लिए स्कूल शिक्षा बोर्ड दो-तीन दिन में भर्ती से संबंधित नोटिफिकेशन को जारी करेगा।जानकारी के अनुसार प्रदेश सरकार ने पहले चरण में 100 करीब स्कूलों में सीबीएसई की पढ़ाई को शुरू करने का फैसला लिया है, इसके चलते अधिकतर स्कूलों को सीबीएसई की संबद्धता मिल चुकी है। ऐसे में अब इन स्कूलों में तैनात होने वाले प्रिंसिपलों और शिक्षकों की योग्यता को परखने का जिम्मा हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड को सौंपा गया है। प्रदेश सरकार ने इस संबंध में शिक्षा बोर्ड से औपचारिक पत्राचार किया है और भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए स्क्रीनिंग टेस्ट आयोजित करवाने के निर्देश दिए हैं। बोर्ड द्वारा आयोजित यह परीक्षा चयन प्रक्रिया का अहम हिस्सा होगी, जिसके आधार पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा।