युवा कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष पद के तीनों डेलीगेट 9 नवंबर को हाईकमान ने दिल्ली बुलाए हैं। युकां चुनाव में सबसे अधिक वोट हासिल करने वाले तीनों डेलीगेट्स को बुलाया गया है। अब इंटरव्यू के दौरान प्रदेशाध्यक्ष के लिए सबसे अधिक वोट लेने वाले निगम भंडारी और यदुपति ठाकुर के बीच मुकाबला कड़ा रहेगा। निगम भंडारी किन्नौर जिले से संबंधित हैं, जबकि यदुपति ठाकुर जिला मंडी के सरकाघाट से ताल्लुक रखते हैं।
किन्नौर जनजातीय क्षेत्र है, जबकि मंडी जिले को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के गृह जिले से जोड़ा जा रहा है। बताते हैं कि हाईकमान के बनाए पैनल के सामने इन डेलीगेट्स का इंटरव्यू होगा। यदुपति ठाकुर को इंटरव्यू के लिए 9 नवंबर सुबह 10 बजे बुलाया गया है, जबकि निगम भंडारी को उसी दिन 11 बजे इंटरव्यू देना है। एनएसयूआई, युवा कांग्रेस और पार्टी के कार्यों में दोनों का अनुभव भी टक्कर का है।
इस पैनल में एआईसीसी के पदाधिकारी इंटरव्यू में पैनल के आगे कौन बाजी मारता है, यह इंटरव्यू के बाद ही स्पष्ट होगा। यह भी देखा जाना है कि इन डेलीगेटों का पिछला राजनीतिक रिकॉर्ड क्या रहा है और संगठन के प्रति कितने समर्पित हैं। प्रदेश युकां के चुनाव अधिकारी मुशर्रफ अली ने कहा कि प्रदेशाध्यक्ष पद के लिए डेलीगेटों को 9 नवंबर को हाईकमान ने बुला लिया है। इस इंटरव्यू के बाद नए प्रदेशाध्यक्ष की घोषणा कर दी जाएगी।