Weather Forecast 24 Sep 2026: देखिए क्या है आपके यहां मौसम का हाल | Weather Report Today
- फोटो : self
हिमाचल प्रदेश में बुधवार को दिनभर खिली तेज धूप के बाद अब मौसम का मिजाज बदलने वाला है। वीरवार यानी 25 सितंबर से प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण कई हिस्सों में बारिश का दौर शुरू हो सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 29 सितंबर तक प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में बारिश की संभावना जताई है। मौसम में बदलाव के बीच तापमान में भी गिरावट आने की संभावना है। बुधवार को हालांकि प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहा और दिनभर धूप खिली रही। मैदानी इलाकों में गर्मी का असर भी देखने को मिला।
ऊना-बिलासपुर में 34 डिग्री पहुंचा तापमान
बुधवार को ऊना और बिलासपुर प्रदेश के सबसे गर्म क्षेत्रों में रहे। दोनों स्थानों पर अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा भुंतर में 33 डिग्री, सुंदरनगर में 32.9, कांगड़ा में 32.6 और मंडी में 32 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहीं, राजधानी शिमला में अधिकतम तापमान 26 डिग्री और मनाली में 25.8 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम में बदलाव के बाद अगले कुछ दिनों में अधिकतम तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है।
सात जिलों में 26-27 सितंबर को अंधड़ का येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने 26 और 27 सितंबर को प्रदेश के सात जिलों में अंधड़ को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। इनमें शिमला, सोलन, सिरमौर, बिलासपुर, कुल्लू, मंडी और किन्नौर शामिल हैं। इस दौरान तेज हवाएं चलने के साथ मौसम अचानक बदल सकता है। ऐसे में खुले स्थानों और कमजोर ढांचों के आसपास रहने वाले लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत होगी।
बारिश के बीच होगी मानसून की विदाई
हिमाचल प्रदेश में अब मानसून की विदाई का दौर भी शुरू हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार इसी सप्ताह प्रदेश से मानसून के पूरी तरह विदा होने की संभावना है। हालांकि, मानसून की विदाई के दौरान ही पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है। इसलिए मानसून की विदाई का मतलब प्रदेश में तुरंत पूरी तरह शुष्क मौसम होना नहीं है। अगले कुछ दिनों में स्थानीय मौसम प्रणालियों के प्रभाव से बारिश और तेज हवाओं का दौर देखने को मिल सकता है।