किसानों और लोगों को सतर्क रहने की सलाह
मौसम विभाग ने मेघगर्जन और बिजली चमकने की स्थिति में लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। बुलेटिन के अनुसार ऐसी गतिविधियों से खड़ी फसलों को नुकसान पहुंच सकता है। कमजोर ढांचों और झोपड़ियों को भी आंशिक नुकसान होने की आशंका रहती है। लोगों को सलाह दी गई है कि गरज-चमक के दौरान पेड़ों के नीचे शरण न लें, घर से बाहर की गतिविधियां कम रखें और सुरक्षित स्थान पर रहें। मौसम संबंधी ताजा जानकारी लेते रहने तथा राज्य सरकार की ओर से जारी सलाह का पालन करने को भी कहा गया है।
16 नवंबर के बाद मौसम शुष्क रहने का अनुमान
मौसम विभाग के सात दिवसीय पूर्वानुमान के अनुसार 12 से 15 नवंबर तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश और बर्फबारी की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। इसके बाद 16 से 18 नवंबर तक मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है। ऐसे में आने वाले कुछ दिन हिमाचल के मौसम के लिहाज से महत्वपूर्ण रहने वाले हैं। बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के बाद तापमान में गिरावट से ठंड का असर और बढ़ सकता है।