नंद लाल के निधन पर रामपुर में अंतरराष्ट्रीय लवी मेला की पूर्व निर्धारित गतिविधियां स्थगित
रामपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं सातवें राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष नंद लाल के आकस्मिक निधन पर उपमंडल प्रशासन रामपुर बुशहर ने गहरा शोक व्यक्त किया है। प्रशासन ने उनके निधन को रामपुर क्षेत्र और समस्त प्रदेश के लिए अपूरणीय क्षति बताया है।
उपमंडलाधिकारी (नागरिक) हर्ष अमरेंद्र सिंह ने कहा कि नंद लाल अपने सार्वजनिक जीवन में क्षेत्र के विकास और समाज के प्रति समर्पित रहे। उनके योगदान और क्षेत्र के विकास के लिए किए गए कार्यों को सदैव याद किया जाएगा।
प्रशासन की ओर से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त की गई हैं। साथ ही ईश्वर से परिवारजनों और शुभचिंतकों को इस कठिन समय में दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की गई है। नंद लाल के निधन के चलते प्रशासन ने मंगलवार, 3 और 4 नवंबर 2026 को अंतरराष्ट्रीय लवी मेला-2026 के तहत आयोजित होने वाली पूर्व निर्धारित गतिविधियों को स्थगित कर दिया है।
शिमला में श्रद्धांजलि, रामपुर में पार्थिव देह पहुंचते ही उमड़ा जनसैलाब, हर आंख नम
हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के रामपुर के विधायक एवं सातवें राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष दिवंगत नंदलाल की पार्थिव देह मंगलवार को जैसे ही रामपुर पहुंची, पूरा क्षेत्र शोक में डूब गया और अंतिम दर्शन के लिए जनसैलाब उमड़ पड़ा। इससे पहले राजधानी शिमला स्थित कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में कैबिनेट मंत्रियों, विधायकों और आईटीबीपी अधिकारियों ने अपने पूर्व साथी को नम आंखों से विदाई दी। मंगलवार सुबह अटल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल सुपर स्पेशलिटीज चमियाना से पार्थिव देह राजीव भवन लाई गई, जहां उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी और पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह सहित कई वरिष्ठ नेताओं व कार्यकर्ताओं ने श्रद्धांजलि दी। तारादेवी स्थित आईटीबीपी के सैन्य अधिकारियों ने भी अपने पूर्व अधिकारी को नमन किया।
पार्थिव देह पैतृक गांव देवठी ले जाई गई
अपराह्न तीन बजे पार्थिव देह रामपुर सीमा पर भैरा खड्ड पहुंची, जहां से विशाल अंतिम यात्रा शुरू हुई। परिधि गृह रामपुर में सैकड़ों लोगों, कार्यकर्ताओं और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने दिवंगत नेता के अंतिम दर्शन किए। नेताओं ने उनकी पत्नी सत्या धीमान, पुत्र अभिषेक धीमान और परिजनों को ढाढ़स बंधाया। शाम पौने पांच बजे पार्थिव देह पैतृक गांव देवठी ले जाई गई। वहां भी अंतिम दर्शन के लिए ग्रामीणों का तांता लगा रहा और देर रात तक लोग आवास पर डटे रहे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।