पुलिस परिवार से जुड़े एक लाख से ज्यादा लोगों को केंद्रीय पुलिस कैंटीन की सुविधा उपलब्ध कराने वाली हिमाचल पुलिस अब उन्हें कैंटीन से सामान खरीद पर और सुविधा देने जा रही है। प्रदेश पुलिस मुख्यालय एक वेबसाइट तैयार करने में जुटा है जिस पर जाकर सेवारत या पूर्व पुलिस कर्मी या उसका परिवार कैंटीन में उपलब्ध सामान का ऑनलाइन ऑर्डर और पेमेंट कर सकेगा।
इसके बाद उसे कैंटीन सिर्फ अपना सामान उठाने के लिए जाना होगा। जब वह कैंटीन पहुंचेगा तो उसे अपना ऑनलाइन पेमेंट बिल दिखाना होगा जिसे स्कैन करने के बाद कैंटीन कर्मी पहले से पैक सामान का थैला उसे दे देंगे। इस प्रक्रिया के शुरू होने के बाद लोगों के लिए कैंटीन जाकर सामान पसंद करने, उसे लेने और बिल कराने में खर्च होने वाले समय की बचत हो सकेगी। साथ ही कैंटीन कर्मियों पर भी काम का दबाव कम होगा।
डीजीपी सीताराम मरडी ने बताया कि प्रदेश में इस तरह की 19 कैंटीन चल रही हैं। इन कैंटीनों पर अभी तो पुलिस कार्ड पर सामान दिया जा रहा है। लेकिन धीरे धीरे सभी को बार कोड युक्त कैंटीन कार्ड जारी किए जा रहे हैं। साथ ही साइट बनाई जा रही है जिसमें कार्ड की डिटेल डालते ही उसकी खरीद क्षमता और खरीद का ब्यौरा दर्ज हो जाएगा। कहा कि इससे निगरानी में आसानी रहेगी, साथ ही कर्मचारी और पुलिस वेलफेयर में लगे अधिकारियों को भी बेहतर सुविधा मुहैया कराने में आसानी होगी।