देश के लिए सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण अटल टनल रोहतांग की सुरक्षा के लिए मुस्तैद हिमाचल प्रदेश पुलिस ने टनल के अंदर 24 घंटे निर्बाध बिजली के लिए कवायद शुरू कर दी है। पुलिस के आला अधिकारियों ने यह कवायद अमर उजाला में टनल में बिजली कटने और सुरक्षा में चूक के संबंध में खबर प्रकाशित होने के बाद ऊर्जा विभाग व टनल का रखरखाव संभाल रहे सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) से संपर्क साधा है।
ऊर्जा विभाग के जरिये बिजली बोर्ड को टनल के लिए बिजली के विशेष प्रबंध करने व कट न लगने के लिए कारगर कदम उठाने को कहा गया है। साथ ही बीआरओ को भी कट लगने पर तुरंत बैकअप जनरेटर की मदद से बिजली सप्लाई को कहा गया है। जिला पुलिस बीआरओ और पुलिस मुख्यालय ने उच्चाधिकारियों से संपर्क साधा है।
अधिकारियों का मानना है कि अगर टनल में लाइट जाती है तो इससे उसकी सुरक्षा, निगरानी व यातायात प्रबंधन का काम प्रभावित होता है। खास बात यह है कि टनल में हाल में पुलिस कर्मियों द्वारा एक व्यक्ति को डंडे व लात से पीटने के वायरल वीडियो में भी अंधेरा होने की बात सामने आई थी।
टनल के अंदर अंधेरे में खड़े वाहनों में बैठे लोगों के हंगामा करने पर पुलिस को मुश्किल का सामना करना पड़ा था। यही वजह है कि अब टनल के भीतर वाहनों को जाने देने की व्यवस्था में बदलाव के साथ ही बिजली के प्रबंधन के लिए कदम उठाए जा रहे हैं।