पॉलिटेक्निकल प्रवेश परीक्षा (पैट) और लेटरल एंट्री एंट्रेस टेस्ट (लीट) की 3,978 सीटों के लिए अभी तक तकनीकी शिक्षा बोर्ड के पास 3,928 आवेदन पहुंचे हैं। पैट के लिए 2,565, तो लीट के लिए 1,147 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण करवाया है। वहीं इनमें से 216 अभ्यर्थी ऐसे हैं, जिन्होंने पंजीकरण को करवा लिया, लेकिन आगामी प्रक्रिया को अभी तक पूरा नहीं किया है। हिमाचल प्रदेश तकनीकी शिक्षा बोर्ड प्रदेश भर में पैट 21 और लीट 28 मई को करवाएगा।
इन परीक्षाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। पैट के लिए दो मई और लीट के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि छह मई रखी गई है। अभी तक तकनीकी शिक्षा बोर्ड के पास 3,928 अभ्यर्थियों ने ही पंजीकरण करवाया है। इनमें से पैट के लिए 2,688 पंजीकरण आए हैं, जिनमें से 2,565 आवेदन पूरी तरह से भरे गए हैं, जबकि 123 अभ्यर्थियों के आवेदन पत्र अधूरे हैं। वहीं दूसरी ओर लीट के लिए अभी तक 1,240 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण करवाया है, जिनमें से 93 आवेदन अभी तक अधूरे हैं, जबकि 1,147 आवेदन सही पाए गए हैं।
तकनीकी शिक्षा बोर्ड धर्मशाला के सचिव आरके शर्मा ने बताया कि हिमाचल प्रदेश के सभी सरकारी और निजी बहुतकनीकी संस्थानों में प्रथम वर्ष डिप्लोमा इंजीनियरिंग पैट के लिए 3,200 और द्वितीय वर्ष डिप्लोमा इंजीनियरिंग लीट के लिए लगभग 978 सीटें भरी जानी हैं। इनमें से कुछ अभ्यर्थी ऐसे भी हैं, जिन्होंने अभी तक ऑनलाइन फीस जमा नहीं करवाई है। उन्होंने ऐसे अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वह निर्धारित अंतिम तिथियों से पहले अपनी फीस को ऑनलाइन माध्यम से अवश्य जमा करवा दें। बिना फीस के उनके पंजीकरण को मान्य नहीं किया जाएगा।