हिमाचल प्रदेश में पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव के प्रथम चरण में मतदान 76 फीसदी तक पहुंच गया है। राज्य के 177 वार्डों में अभी मतदान प्रक्रिया जारी है।
डोडरा क्वार उपमंडल की दो पंचायतों जाखा तथा जिस्कुन में कुल 81.75 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। दोनों पंचायतों में कुल 1214 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जिनमें 661 पुरुष तथा 553 महिला मतदाता शामिल रहे।
दून विधानसभा क्षेत्र के शीतलपुर बूथ पर लगी लंबी लाइनों को तोड़कर बीच में घूसने को लेकर दो गुटों में बहसबाजी व मारपीट हो गई। इससे करीब 20 मिनट तक अधिकारियों को मतदान प्रक्रिया भी रोकनी पड़ी। दरअसल यहां पर मतदान को लेकर लंबी कतारें लगी हुई थी। इस दौरान एक व्यक्ति बीच लाइन में घुस गया। जिस पर अन्य लोग विरोध जताने लगे तो उक्त व्यक्ति व उसके साथ बहसबाजी करने लगे। वहीं कुछ ही देर में दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान लाइनों में लगे लोग भी इधर-उधर भागने लगे। स्थिति बिगड़ने पर बूथ पर अफरा-तफरी मच गई और अधिकारियों ने सुरक्षा कारणों से कुछ समय के लिए मतदान प्रक्रिया रोक दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और उन्होंने स्थिति को नियंत्रित किया। सुरक्षा बलों ने दोनों पक्षों को अलग कर शांत कराया, जिसके बाद हालात सामान्य होने पर मतदान दोबारा शुरू करवा दिया गया।
हिमाचल प्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से जारी आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, बिलासपुर जिले में मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गई है, जिसमें कुल 64.66 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। जिले के कुल 1,19,638 पंजीकृत मतदाताओं में से 77,359 लोगों ने वोट डाले। इस चुनाव में पुरुषों के मुकाबले महिला मतदाताओं का भागीदारी प्रतिशत काफी बेहतर दर्ज किया गया है। जहां एक ओर जिले के कुल 60,186 पंजीकृत पुरुषों में से 37,076 पुरुषों ने वोट डाला, जिससे पुरुष मतदान का आंकड़ा 61.60 फीसदी रहा, वहीं दूसरी ओर 59,452 पंजीकृत महिला मतदाताओं में से 40,283 महिलाओं ने अपने अधिकार का प्रयोग कर 67.76 फीसदी का मजबूत योगदान दिया। इसके अतिरिक्त, जिले में पंजीकृत 2 थर्ड जेंडर मतदाता भी चुनावी प्रक्रिया का हिस्सा रहे। इस पूरी मतदान प्रक्रिया को सुचारू रूप से चलाने के लिए प्रशासन की ओर से 62 मुख्य अधिकारी व पर्यवेक्षक, 428 मतदान कर्मी और 53 अन्य सहायक स्टाफ तैनात रहा, जिनकी मुस्तैदी से यह चुनाव सफलता पूर्वक संपन्न हुआ। हालांकि 3 बजे के बाद भी कई बूथ पर अभी वोटिंग जारी है।
बिलासपुर के झंडूता उपमंडल की ग्राम पंचायत भड़ोलीकलां के वार्ड नंबर-1 भड़ोली खुर्द के ग्रामीणों ने सड़क सुविधा की मांग को लेकर पंचायत चुनावों का बहिष्कार कर दिया। ग्रामीणों के विरोध का असर मतदान पर साफ देखने को मिला, जहां करीब 250 मतदाताओं वाले बूथ पर केवल 6 वोट ही पड़े। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले करीब 35 वर्ष से गांव को जोड़ने वाला सड़क मार्ग कच्चा पड़ा हुआ है। कई बार प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से सड़क को पक्का करने की मांग उठाई गई, लेकिन आज तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकला। इसी से नाराज होकर लोगों ने पंचायत चुनाव में मतदान न करने का फैसला लिया। स्थानीय निवासी विक्रम ने बताया कि गांव तक जाने वाला रास्ता बरसात के दिनों में पूरी तरह खराब हो जाता है। कीचड़ और फिसलन के कारण लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो जाता है।
उन्होंने कहा कि कई बार मरीजों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं को पालकी या ट्रैक्टर के सहारे मुख्य सड़क तक पहुंचाना पड़ता है।।ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या को लेकर उपायुक्त सहित कई अधिकारियों को ज्ञापन सौंपे जा चुके हैं, लेकिन वर्षों बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है। लोगों का आरोप है कि चुनावों के दौरान बड़े-बड़े विकास के दावे किए जाते हैं, लेकिन उनके गांव की मूलभूत समस्या की ओर किसी ने ध्यान नहीं दिया। ग्रामीणों ने चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक सड़क मार्ग को पक्का नहीं किया जाता, तब तक वे पंचायत चुनावों के साथ-साथ विधानसभा और लोकसभा चुनावों का भी बहिष्कार जारी रखेंगे। ग्रामीणों के इस फैसले से क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने कहा कि पंचायत क्षेत्र में विकास कार्यों के दावे तो किए जाते हैं, लेकिन भड़ोली खुर्द आज भी मूलभूत सुविधाओं से वंचित है। लोगों का कहना है कि सड़क न होने से बच्चों की पढ़ाई, मरीजों के इलाज और किसानों की आवाजाही पर सीधा असर पड़ रहा है। कहा कि हमने कई बार प्रशासन और नेताओं के सामने सड़क की मांग रखी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। मजबूर होकर हमें चुनाव बहिष्कार का फैसला लेना पड़ा।
दून विधानसभा क्षेत्र के शीतलपुर बूथ पर मतदान के दौरान दो समूहों में हुई कहासुनी मारपीट में बदल गई। स्थिति बिगड़ने पर बूथ पर अफरा-तफरी मच गई और अधिकारियों ने सुरक्षा कारणों से कुछ समय के लिए मतदान प्रक्रिया रोक दी। बूथ के बाहर वोट डालने की लाइन में धक्कामुक्की को लेकर दोनों पक्षों में तकरार शुरू हुई, जो देखते ही देखते हाथापाई तक पहुंच गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके की स्थिति को नियंत्रित किया। सुरक्षा बलों ने दोनों पक्षों को अलग कर शांत कराया, जिसके बाद हालात सामान्य होने पर मतदान दोबारा शुरू करवा दिया गया।
हमीरपुर जिले में मतदान में खासा रुझान देखने मिल रहा है। जिला हमीरपुर में एक बजे तक 58.54 प्रतिशत मतदान हुआ है। देई का नौण पंचायत में दोपहर को कड़ी धूप में लोग मतदान के किए लाइनों में लगे दिखें इस पंचायत में मतदाता बोले कि यहां नशा, सड़क सुविधा और पेयजल संकट मुद्दा रहा है।
उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने कहा कि जिले में 1:00 बजे करीब 58% पोलिंग हुई है। आज हमने टाली पोलिंग स्टेशन का निरीक्षण किया है। किसी कारणवश जो प्रधान पोस्ट का है, वो स्टेट इलेक्शन कमिशन ने उसका काउंटरमांड करके कैंसल कर दिया है। मगर जो बाकी पोस्ट हैं जैसे उप-प्रधान, वार्ड मेंबर, जिला परिषद और बीडीसी उसके नियमानुसार उसका जो पोलिंग की प्रक्रिया है चल रही है। और जो प्रधान का दोबारा जो इलेक्शन होगा, वो स्टेट इलेक्शन कमीशन तय करेगा। अभी तक पोलिंग प्रोसेस फ्री एंड फेयर, प्रॉपर, पीसफुल रहा है। कोई भी लॉ एंड ऑर्डर सिचुएशन नहीं आया है। 3:00 बजे तक इसकी जो प्रक्रिया है वो कंप्लीट हो जाएगी, उसके बाद जैसे ही कंप्लीट होती है, उसके बाद काउंटिंग का जो प्रोसेस है वो हम तुरंत स्टार्ट कर देंगे।
जिला हमीरपुर में एक बजे तक 58.54 प्रतिशत मतदान
जिला सिरमौर के आठ विकासखंडों की 94 ग्राम पंचायतों में मंगलवार को सुबह 7:00 बजे से मतदान जारी है। दोपहर 1:00 बजे तक जिला में 65.10 प्रतिशत तक मतदान रिकार्ड किया गया है। इसमें 69520 में से 43856 (63.08 प्रतिशत) पुरूषों तथा 63058 में से 42457 (67.33 प्रतिशत) महिला मतदाताओं ने मतदान किया है। जिला निर्वाचन अधिकारी प्रियंका वर्मा ने बताया कि जिला में शांतिपूर्ण तरीके से मतदान प्रक्रिया जारी है। उन्होंने बताया कि जो मतदाता 3:00 बजे तक मतदान केंद्र पर होंगे वह मतदान कर सकेंगे।
जिला ऊना में एक बजे तक 62.59% मतदान हुआ।
नालागढ़ ब्लॉक के झांडू मतदान केंद्र में लकवाग्रस्त (पैरालाइज्ड) होने के बावजूद 65 वर्षीय लीला देवी ने उत्साह एवं दृढ़ संकल्प के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग कर लोकतंत्र के प्रति अपनी अटूट आस्था का परिचय दिया।
विकास खंड आनी में 55.97%
बंजार में 58%
भुंतर में 60.89%
कुल्लू में 61.51%
नग्गर में 60.22%
निरमंड में 59.42%
मंडी ओर बिलासपुर ने बैलेट पेपर गायब होने के मामले में दोनों ARO चार्जशीट। करसोग में ARO के खिलाफ होगा एक्शन, चार्जशीट करने की तैयारी। 5 वोट डल चुके थे, 6 नंबर पर उमीदवार का समर्थक वोट डालने आया। उसने कहा प्रत्याशी का बैलेट पेपर में नहीं है। इसके बाद मतदान कुछ समय के लिए रुका। डीसी ने आयोग से की बात, फिर मतदान शुरू हो गया। लेकिन अब फिर रुक गया है।
विकासखंड धर्मशाला के तहत आती ग्राम पंचायत ढगवार में मंगलवार को पहले चरण का मतदान हुआ। इस पंचायत में 2100 के आसपास मतदाता पंजीकृत हैं। दोपहर 1:00 तक 800 से अधिक मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर लिया था जबकि अभी भी पंचायत में बनाए गए तीन अलग-अलग पोलिंग स्टेशनों पर भीड़ देखने को मिल रही है।
बिलासपुर जिले में कुल 62 पंचायतों और 428 वार्डों में मतदान हो रहा है। जिले में कुल मतदान प्रतिशत 39.63% दर्ज किया गया है। इसमें पुरुष मतदान 37.59% और महिला मतदान 41.70% रहा है।
बिलासपुर-सदर: कुल मतदान 39.34%
घुमारवीं: कुल मतदान 38.65%
झंडूता: कुल मतदान 38.06%
श्री नयना देवी जी: कुल मतदान 46.48% (सबसे अधिक)
सुबह 11 बजे तक के आंकड़े बताते हैं कि पंचायत चुनावों में मतदाताओं की भागीदारी संतोषजनक बनी हुई है। खासकर महिला मतदाताओं में अधिक उत्साह देखने को मिल रहा है। प्रशासन की ओर से मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से जारी है।
पंचायत चुनाव के पहले चरण के मतदान के दौरान सहौड़ा मतदान केंद्र में मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। सुबह से ही लोग अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए मतदान केंद्र पहुंचने लगे। युवाओं के साथ-साथ बुजुर्ग मतदाताओं में भी मतदान को लेकर खासा उत्साह नजर आया। लोकतंत्र के इस पर्व में गांव सहौड़ा की 94 वर्षीय जगदीश सैणी और 91 वर्षीय ईश्वरी देवी ने मतदान केंद्र पहुंचकर अपने मत का प्रयोग किया। उम्र के इस पड़ाव पर भी मतदान के प्रति उनके जज्बे की लोगों ने जमकर सराहना की। मतदान केंद्र पर मौजूद लोगों ने बुजुर्ग मतदाताओं का उत्साह बढ़ाया और उन्हें लोकतंत्र की सच्ची ताकत बताया। मतदान केंद्र पर प्रशासन की ओर से भी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं, ताकि मतदाताओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
रामपुर बुशहर की बटाली गांव से संबंध रखने वाली 100 वर्षीय बिन्दु देवी ने बार्ड नंबर 4 ग्राम पंचायत गोपालपुर में अपना वोट डाला।
शिमला जिले में जुब्बल की झगटान पंचायत में 105 वर्षीय गोखी देवी मतदान के प्रति उत्साह का परिचय देते हुए पैदल चलकर मतदान केंद्र तक पहुंचीं और अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
आनी में 35.02%
बंजार में 35.94%
भुंतर में 39.65%
कुल्लू में 38.95%
नग्गर में 42.35%
निरमंड में 37.05%
हिमाचल प्रदेश में आज से तीन चरणों में आयोजित किये जा रहे पंचायती राज चुनावों में लोगों से बढ़-चढ़ कर भाग लेने की अपील की है। मीडिया को जारी संदेश में विनय कुमार ने कहा कि आज से प्रदेश में 26, 28 और 30 मई को पंचायती राज चुनावों में वोट डालने की प्रक्रिया शुरू हो रही है। यह चुनाव गांव, हमारे खेत-खलिहान और हमारे बच्चों के भविष्य को दिशा देने का सबसे सशक्त माध्यम है। विनय कुमार ने सभी लोगों से लोकतंत्र के पर्व में पूरे उत्साह और जिम्मेदारी के साथ हिस्सा लेकर मतदान करने की अपील की है।
जिला कुल्लू में प्रातः 9 बजे तक 19.37 प्रतिशत पोलिंग हुई है।
नादौन उपमंडल के रैल मतदान केंद्र में सुबह से ही लोग मतदान के लिए लाइनों में लगे रहे। जिले में विभिन्न विकास खंडों में अभी तक 20 फीसदी के करीब मतदान हुआ है। हमीरपुर जिले में प्रथम चरण में 83 पंचायतों में चुनाव हो रहा है। भोरंज में 20 फीसदी और सुजानपुर में 20 फीसदी मतदान पहले दो घंटों में हुआ है। मतदान को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
पंचायत चुनाव में उम्र युवाओं से लेकर बुजुर्गों तक का जन सैलाब जिला शिमला में पंचायती राज चुनाव में मतदान को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला है। 18 वर्ष से लेकर 90 और 95 साल तक के बुजुर्गों ने मतदान केंद्र पर पैदल आकर वोट डाल रहे है। इसके अलावा कई महिलाओं ने भी बच्चो के साथ आकर इस लोकतंत्र के पर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित की है। केंद्रों पर प्रधान, उपप्रधान, वार्ड सदस्य के अलावा बीडीसी ओर जिप सदस्य के लिए भी वोट दिए जा रहे हैं।
सुंदरनगर की नौ पंचायतों में दस बजे तक 20.83 प्रतिशत मतदान हुआ है। सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं सुंदरनगर विकास खंड अधिकारी नियोन शर्मा ने बताया कि पहले चरण सेरी कोठी, बोबर, बटवाड़ा, बरोटी, जरल, जयोर, मलोह, समोण और डैहर में मतदान हो रहा है। सुबह सात बजे से लोगों ने वोट डालने शुरू किए है, अब तक 20.3 प्रतिशत मतदान में, 1681 पुरुष, 1540 महिलाओं सहित कुल 3221 मतदान दर्ज किया गया है। मतदान में बुजुर्गों ने भी उत्साह पूर्वक मतदान किया है। इस दौरान पोडाकोठी के वार्ड 6 बंदला की 100 वर्ष की रेशमू देवी ने अपने मत का प्रयोग किया है।
104 वर्षीय बर्फी देवी ने सरी पंचायत के फिहड़ बूथ पर डाला वोट
उपमंडल करसोग के अंतर्गत थाय-थर्मी वपरलोग क्षेत्र में पंचायत समिति सदस्य (बीडीसी) के चुनाव को प्रशासन ने आगामी आदेशों तक स्थगित कर दिया है। प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार बैलेट पेपर (मतपत्र) में तकनीकी खराबी पाए जाने के चलते यह निर्णय लिया गया। अधिकारियों ने पुष्टि की है कि मतपत्र में आई गड़बड़ी के कारण निष्पक्ष और पारदर्शी मतदान संभव नहीं था, इसलिए चुनाव प्रक्रिया को फिलहाल रोक दिया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि स्थिति को सुधारने के बाद नए सिरे से चुनाव की तिथि घोषित की जाएगी। आगामी आदेश जारी होने के बाद ही मतदान करवाया जाएगा। इस निर्णय के बाद क्षेत्र के मतदाताओं को कुछ समय और इंतजार करना होगा, वहीं प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि अगली प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता और नियमों के तहत संपन्न करवाई जाएगी।
पहले चरण में जिला ऊना की 86 पंचायतों में सुबह 7:00 से मतदान की प्रक्रिया शुरू हो गई है। सुबह से ही हर वर्ग के मतदाता में मतदान को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला है। बरनोह निवासी नरेश कुमार का कहना है कि उन्होंने अपने पंचायत के गांव के विकास के लिए मतदान किया है उन्होंने आम जनता से अपील की है कि अपने मत का प्रयोग समाज के विकास के लिए अवश्य करें।
विकासखंड रोहड़ू की 14 पंचायतों में प्रातः 9:00 तक 17.46 प्रतिशत मतदान।
पांगी में मतदान करने के पारम्परिक वेशभूषा पहन कर पहुंचे बुजुर्ग। मतदान के बाद अपनी उंगली दिखाते हुए।
पंचायतीराज संस्थाओं के लिए प्रथम चरण के मतदान में लोगों में उत्साह दिखा। कांगड़ा उपमंडल के झिकली इच्छी पंचायत में सुबह 6.30 बजे ही मतदाता पहुंचने शुरू हो गए थे। सुबह 7 बजे से मतदान शुरू होने के दौरान लम्बी लाइन लग गई है। दोपहर में तेज धूप और गर्मी से बचने को मतदाता सुबह सुबह ही मतदान केंद्रों में पहुंच रहे हैं।
हिमाचल प्रदेश में पंचायती राज संस्थाओं के खाली पदों को भरने के लिए आज सुबह से मतदान की प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से शुरू हो गई है। राज्य चुनाव आयोग से सुबह 9:00 बजे तक प्राप्त शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, पूरे प्रदेश में अब तक 10.17 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। अगर बिलासपुर जिला की बात करें, तो शुरुआती घंटे में मतदाताओं में मध्यम उत्साह देखा गया और सुबह 9 बजे तक जिले का कुल मतदान प्रतिशत 9.43% रहा। जिले के कुल 1,19,638 मतदाताओं में से शुरुआती दौर में 11,277 लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है। सुबह के इस सत्र में महिलाओं (8.51%) के मुकाबले पुरुषों (10.33%) ने वोट डालने में अधिक तत्परता दिखाई।
घुमारवीं ब्लॉक: शुरुआती दौर में घुमारवीं ब्लॉक मतदान के मामले में जिला में सबसे आगे चल रहा है। यहाँ सुबह 9 बजे तक 11.72 प्रतिशत मतदान हो चुका है। यहाँ 2,738 पुरुषों और 2,321 महिलाओं ने अपने वोट डाल दिए हैं।
झंडूता ब्लॉक: इस ब्लॉक में भी सुबह-सुबह अच्छा उत्साह देखने को मिला है। झंडुत्ता में अब तक 11.31 प्रतिशत मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर चुके हैं।
बिलासपुर-सदर ब्लॉक: सदर ब्लॉक में मतदान की रफ्तार स्थिर बनी हुई है। यहाँ सुबह 9 बजे तक कुल 10.58 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई है।
श्री नैना देवी जी ब्लॉक: इस क्षेत्र में मतदान की गति थोड़ी धीमी रही है। यहाँ सुबह के पहले हिस्से में 10.25 प्रतिशत मतदाताओं ने पोलिंग बूथ का रुख किया।
जिले की कुल 62 पंचायतों में सुरक्षा के कड़े प्रबंध
बिलासपुर जिला की कुल 62 पंचायतों के 428 वार्डों में इस समय कड़ी सुरक्षा और प्रशासनिक निगरानी के बीच वोट डाले जा रहे हैं। प्रशासन द्वारा सभी संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। जैसे-जैसे दिन चढ़ेगा, मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की कतारें लंबी होने की उम्मीद जताई जा रही है। दोपहर बाद मतदान प्रतिशत के आंकड़ों में बड़ा उछाल आने की संभावना है।
पंचायती राज सामान्य निर्वाचन-2026 के अंतर्गत प्रथम चरण के तहत सुबह सात बजे से मतदाता मतदान करने को मतदान केंद्रों में पहुंचने लगे। धीरे-धीरे मतदान केंद्र में कतार लगना शुरू हो गई। उपमंडल भरमौर तथा पांगी में मतदान प्रक्रिया दो चरणों में संपन्न होगी, जबकि जिले के अन्य उपमंडलों एवं विकास खंडों में मतदान का कार्य तीन चरणों में पूरा किया जाएगा। प्रथम चरण के तहत 118 ग्राम पंचायतों के 676 वार्ड, दूसरे चरण के तहत 115 ग्राम पंचायतों के 650 वार्ड तथा तीसरे चरण के अंतर्गत 86 ग्राम पंचायतों के 650 वार्ड में मतदान प्रक्रिया होगी।
विकास खंड बालीचौकी की ग्राम पंचायत सोमगाड़ में आज पंचायत चुनाव के पहले चरण का मतदान हुआ। इस दौरान 90 वर्षीय बुजुर्ग गंगा राम ने मतदान केंद्र पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया और लोकतंत्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई। उम्र के इस पड़ाव पर भी गंगा राम का जोश देखने लायक था। मतदान कर्मियों और ग्रामीणों ने उनका स्वागत किया। उन्होंने कहा कि वोट देना हर नागरिक का कर्तव्य है। उनके इस जज्बे ने युवाओं को भी मतदान के लिए प्रेरित किया। सोमगाड़ पंचायत में सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हुआ। केंद्रों पर मतदाताओं की कतारें देखी गईं। प्रशासन द्वारा बुजुर्गों और दिव्यांगों के लिए विशेष व्यवस्था की।
पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव के प्रथम चरण में सोमवार सुबह से ही मंडी जिले की 198 पंचायतों में मतदान को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। गांव की सरकार चुनने के लिए मतदाता सुबह से ही मतदान केंद्रों पर पहुंचने लगे। कई बूथों पर मतदान शुरू होने से पहले ही लंबी कतारें लग गईं। महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों ने भी बढ़-चढ़कर मतदान प्रक्रिया में भाग लिया। ग्रामीण क्षेत्रों में लोकतंत्र के इस पर्व को लेकर लोगों में खासा जोश नजर आया। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं, जबकि चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न करवाने के लिए प्रशासनिक अधिकारी लगातार निगरानी बनाए हुए हैं। जिले में पंचायत प्रधान, उपप्रधान, पंचायत सदस्य, बीडीसी सदस्य और जिला परिषद सदस्यों के चुनाव के लिए मतदान हो रहा है। चुनाव ड्यूटी में तैनात कर्मचारियों ने सुबह से ही मतदान प्रक्रिया संभाल ली। कई क्षेत्रों में मतदाताओं ने विकास, सड़क, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं के मुद्दों को ध्यान में रखकर मतदान करने की बात कही।
कुल्लू जिले में पहले चरण का मतदान सुबह 7:00 से शुरू हो गया है। दोपहर बाद 3:00 तक चलने वाले पंचायती राज चुनाव को लेकर लोगों में खासा उत्साह है। सुबह से ही मतदान केंद्र में लंबी-लंबी लाइन देखने को मिल रही हैं। पहले चरण में जिले में 85 पंचायत में मतदान होगा। इसके अलावा जनजातीय जिला लाहौल स्पीती में भी पहले चरण की 17 पंचायत में सुबह से मतदान जारी है। अभी तक जिले में शांतिपूर्ण तरीके से मतदान हो रहा है।
राजधानी शिमला में मंगलवार को पहले चरण का चुनाव शुरू हो गया है। ऐसे में शिमला समेत आसपास की पंचायत में सुबह-सुबह लोगों की भारी भीड़ मतदान केदों पर उमड़ गई है। मतदान को लेकर युवाओं से लेकर बुजुर्ग लोगों में देखने को मिल रहा है। यही वजह है चमियाना, मशोबरा, घण्डल समेत आसपास के इलाकों में मतदान के लिए सुबह से ही भारी भीड़ मतदान केंद्रों के बाहर लगी हुई है।
पहले चरण में शिमला जिले की 150 पंचायतों में मंगलवार को मतदान हो रहा है। सुबह से मतदान केंद्रों पर कतारें लगना शुरू हो गई है। मतदान सुबह 7 बजे से शुरू हुआ जो दोपहर 3 बजे तक चलेगा। इसके बाद पंचायत कार्यालयों या स्कूलों में प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्यों की मतगणना होगी। जिला परिषद और पंचायत समिति की मत पेटियां चुनाव आयोग की ओर से निर्धारित स्थानों तक पहुंचाई जाएंगी। जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों की मतगणना 31 मई को होगी।
हिमाचल प्रदेश में पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव तीन चरणों में हो रहे हैं। मंगलवार को पहले चरण में प्रदेश की 1293 पंचायतों के लिए वोट डाले जाएंगे। पंचायतों में प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्य के अलावा जिला परिषद व पंचायत समिति (बीडीसी) सदस्य के करीब 7200 प्रत्याशियों लिए करीब 16 लाख मतदाता वोट डालेंगे।